CM मनोहर लाल खट्टर का फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र बनाने के आरोप में पांच गिरफ्तार, लखनऊ से मिला था विभाग का पासवर्ड

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

सोनभद्र, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की सोनभद्र पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है। जो फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करता है। इस गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है। गिरोह के इन सदस्यों पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप लगा है। इस बात की जानकारी सोनभद्र के अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी है।

सोनभद्र के अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी के मुताबिक सीएमओ कार्यालय में तैनात डाटा प्रोसेसिंग असिस्टेंट मनोज कुमार ने बीते 10 फरवरी को जानकारी मुहैया कराई कि मनोहर लाल पुत्र हरवंश लाल के नाम दो फरवरी साल 2023 को जारी हुआ मृत्यु प्रमाण पत्र फर्जी है। जिसके बाद पन्नूगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि लखनऊ स्थित स्वास्थ्य भवन में जन्म एवं मृत्यु आंकड़ा अनुभाग में तैनात यशवंत ने आरोपितों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण जारी करने के लिए बनाये गये पोर्टल का पासवर्ड दिया था। पुलिस ने CM मनोहर लाल खट्टर का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में अंसार अहमद,  प्रशांत मौर्य, शिवानन्द शर्मा, मो कैफ अंसारी और यशवंत को धर दबोचा है।

यह भी पढ़ें : Road Accident in Hardoi : आमने-सामने भिड़ी दो बाइकें, एक युवक की मौत

संबंधित समाचार