काशीपुर: नरेश हत्याकांड का एक आरोपी गिरफ्तार, चार फरार
काशीपुर, अमृत विचार। नरेश हत्याकांड में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों में से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके चार साथी अभी भी फरार चल रहे है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
शुक्रवार को थाना आईटीआई में मामले का खुलासा करते हुए एएसपी अभय सिंह ने बताया कि खड़कपुर देवीपुरा निवासी मृतक नरेश के पिता चंद्रपाल की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जिसमें से महेंद्र को थाना आईटीआई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी निशानदेही पर खून से सना डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
बताया कि फरार चल रहे शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। एएसपी ने बताया कि यदि फरार आरोपी गिरफ्तारी से बचते रहे तो उनके विरूद्ध एनबीडब्ल्यू, कुर्की व अन्य वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
बता दें कि होली के दिन दोपहर में 25 वर्षीय नरेश की खड़कपुर देवीपुरा होली चौक के पास कुछ युवकों ने लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी। नरेश के पिता चंद्रपाल की तहरीर पर पुलिस ने खड़कपुर देवीपुरा निवासी बालकिशन, महेंद्र, विक्की, कंचन व विशाल उर्फ विक्की के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर की थी।
