Kannauj Crime: अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके मिले युवक-युवती के शव, सुसाइड नोट बरामद
अमृत विचार, गुरसहायगंज/ कन्नौज। बाग में अलग-अलग पेड़ों पर संदिग्ध अवस्था में अज्ञात युवक व युवती के शव फंदे पर लटके मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर क्षेत्रीय व स्थानीय लोगों का जमावाड़ा लग गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव उतरवाकर शिनाख्त का प्रयास किया। पुलिस को शव के पास से सुसाइड नोट मिला जिसमें दोनों के द्वारा आत्महत्या की बात लिखी थी। पुलिस सहित फॉरेंसिक टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुधवार की सुबह ग्राम सौसरापुर स्थित बाग में अलग-अलग पेड़ पर युवक व युवती के शव फंदे से लटके मिले। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों के सूचना देने पर मौके पर स्थानीय व क्षेत्रीय लोग जमा हो गए। लोगों ने घटना की सूचना यूपी 112 सहित कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचीं सीओ सदर डॉ. प्रियंका बाजपेई, कोतवाल जितेन्द्र प्रताप सिंह, नौरंगपुर चौकी प्रभारी धीरेन्द्र सिंह ने शव को फंदे से उतरवाकर जांच पड़ताल की। शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें युवक का नाम जकी उर्फ आजाद व युवती का नाम मुस्कान लिखा था। पत्र में दोनों ने आत्महत्या की बात लिखी है। युवक की उम्र 20 व युवती की 18 वर्ष बताई जा रही है।
.jpg)
पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त का प्रयास शुरू किया है। इसके लिए सोशल मीडिया पर मृतक युवक का पोस्टर भी जारी किया है। फॉरेंसिक टीम ने नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। कोतवाल ने बताया कि ग्राम प्रधान मुश्ताक की सूचना पर फौती दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शवों की शिनाख्त होने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल जांच की जा रही है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का है। सुसाइड नोट में लिखे नामों से दोनों मुस्लिम समुदाय से लग रहे हैं। दोनों की शिनाख्त के साथ मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें -बदायूं: अलापुर थाने में तैनात सिपाही ने की आत्महत्या, तफ्तीश में जुटी पुलिस
