अल्मोड़ा: हिस्ट्रीशीटर सोनू छह माह के लिए जिला बदर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सोनू पंवार को छह महीने के लिए अल्मोड़ा जिले की सीमा से बाहर कर दिया है। सोनू पंवार द्वारा लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिए जाने के कारण जिला बदर की यह कार्रवाई की गई है। 

सीओ अल्मोड़ा के पर्यवेक्षण में कोतवाल राजेश कुमार यादव ने कोतवाली अल्मोड़ा में दर्ज हिस्ट्रीशीटर सोनू पंवार पुत्र रमेश पंवार निवासी भ्यारखोला, अल्मोड़ा के खिलाफ गुंडा एक्ट में दर्ज रिपोर्ट की विस्तृत जानकारी जिला मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा को भेजी थी। जिसमें बताया गया था कि सोनू पंवार आदतन अपराधी है और वह निरंतर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहता है।

वर्तमान में उसके क्रियाकलाप ठीक नहीं हैं। जिसके बाद जिला मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा ने आरोपी सोनू पंवार को छह माह के लिए अल्मोड़ा जिले की सीमा से बाहर रहने के आदेश जारी किए। इस आदेश के अनुपालन में पुलिस ने उसके मोहल्ले में मुनादी करवाने के बाद जनपद की सीमा क्वारब पुल से उसे जनपद नैनीताल की सीमा में भेजकर जिला बदर की कार्रवाई की।

साथ ही उसे हिदायत दी गई कि वह छह माह तक अल्मोड़ा जिले में प्रवेश ना करे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अगर निर्धारित अवधि से पूर्व वह जिले में देखा गया तो उसे गिरफ्तार कर जरूरी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

संबंधित समाचार