Chitrakoot News : आखिर बच्चों से भद्दे मजाक का जिम्मेदार कौन! सदर विधायक ने भेजा मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र
चित्रकूट में सदर विधायक ने भेजा मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र।
चित्रकूट में सदर विधायक ने भेजा मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र। प्रदेशस्तरीय रैली में भाग मंडल के बच्चे नहीं ले पाए।
चित्रकूट, अमृत विचार। मंडल के मेधावी छात्र-छात्राओं को इस बार मायूसी हाथ लगी। परिषदीय स्कूलों की प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में ये भाग लेने से वंचित रह गए। इस पर सपा से सदर विधायक अनिल प्रधान ने रोष जताया है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने इस प्रकरण में एडी बेसिक चित्रकूटधाम मंडल सहित अन्य अधिकारियों को दोषी ठहराया है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि इसी माह 13,14 और 15 तारीख को लखनऊ में हुई प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में चित्रकूटधाम मंडल के बच्चे भाग नहीं ले पाए। इसकी वजह मंडलस्तरीय रैली न होना रहा। अगर 11 मार्च तक भी मंडलीय रैली हो जाती तो चारों जिलों के बच्चों को प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिल जाता। यह सब अधिकारियों की खींचतान की वजह से हुआ। विभागीय सूत्र बताते हैं कि मंडलीय प्रतियोगिता कहां कराई जाए, कब कराई जाए, यह तय ही नहीं हो पाया और प्रदेशस्तरीय रैली में जाने की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को मायूसी हाथ लगी। अब अधिकारी और अन्य जिम्मेदार एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। हालांकि कोई खुलकर बोलने को तैयार भी नहीं।
सदर विधायक अनिल पटेल ने बच्चों की इस मायूसी पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। विधायक ने कहा है कि एडी बेसिक की लापरवाही का खामियाजा मेधावी छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ा है। जिलास्तरीय प्रतियोगिता में चैंपियन बनने वाले बच्चों में मायूसी है। आरोप लगाया कि अधिकारियों ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। बच्चों से इस भद्दे मजाक का कौन जिम्मेदार है। उन्होंने सीएम से अनुरोध किया कि मामले की जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करें।
