अयोध्या: रात में डॉक्टर ने लिखीं बाहर की दवाएं, केमिस्ट ने महिला से एमआरपी से अधिक वसूले
लिखित शिकायत पर स्टाफ और मेडिकल स्टोर के खिलाफ शुरू हुई जांच
अमृत विचार,अयोध्या। जिला अस्पताल में सोमवार की रात एक मरीज की तीमारदार को चिकित्सकों ने बाहर की दवा लिख एक मेडिकल स्टोर पर भेज दिया। मेडिकल स्टोर संचालक भी चपत लगाने में पीछे नहीं रहा और अधिकतम खुदरा मूल्य की जगह दवाओं की मनमानी कीमत जोड़ ली। युवती ने विरोध किया तो उसके साथ अभद्रता भी की। पीड़िता ने मंगलवार को प्रकरण की लिखित शिकायत जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक से की है। शिकायत पर सीएमएस ने समिति बना मामले की जांच शुरू कराई है।
जिले के मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र स्थित हल्ले द्वारिकापुर शाहगंज निवासी रूबी मिश्रा पुत्री महेश मिश्रा का कहना है सोमवार की रात वह अपने अपने भाई विशाल मिश्रा को लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंची। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र वर्मा और फार्मासिस्ट विजय वर्मा ने एक छोटी पर्ची पर पांच दवा लिखकर बाहर मेडिकल स्टोर से लाने को कहा। रात में वह मेडिकल स्टोर पहुंची तो दुकानदार ने 1680 रुपए का बिल थमा दिया। बिल में मूल्य दवाओं पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य ज्यादा होने के चलते उसने विरोध किया तो मेडिकल स्टोर संचालक ने अभद्रता की। रात में कोई और मेडिकल स्टोर न खुला होने के चलते मनमाना मूल्य अदा करना पड़ा।
.jpg)
जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ चिकत्सक डॉ. वेद प्रकाश को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से जिला अस्पताल स्टाफ और संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक के कृत्य की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -मुरादाबाद : कांग्रेस नेता ने कसा तंज, बोले- भाजपा को पसमांदा का मतलब ही नहीं पता
