हल्द्वानी: जमरानी परियोजना को जल्द मिलेगी एनटीसीए की एनओसी
एनओसी के लिए सिंचाई विभाग ने दिए डब्ल्यूआईआई को 14.40 लाख रुपये
हल्द्वानी, अमृत विचार। जमरानी बांध परियोजना के लिए जल्द ही एनटीसीए की एनओसी मिलने की उम्मीद बंध गई है। सिंचाई विभाग ने इसके लिए शासन से मिली 14.40 लाख रुपये की धनराशि वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट को दे दी है।
जमरानी बांध परियोजना को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से जनवरी में मंजूरी मिल गई थी लेकिन परियोजना को राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण ( एनटीसीए ) से एनओसी नहीं मिली थी, अब इसके लिए प्रक्रिया तेज हो गई है। इस संबंध में एनटीसीए ने वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूआईआई ) देहरादून को त्वरित रिपोर्ट देने के लिए कहा था।
डब्ल्यूआईआई ने एनओसी के लिए सिंचाई विभाग को 14.40 लाख रुपये खर्च आने को लेकर शासन को पत्र भेजा था। अब सिंचाई विभाग ने शासन से मिली 14.40 लाख रुपये की राशि डब्ल्यूआईआई को दे दी है। अब जमरानी परियोजना को एनटीसीए की ओर से जल्द ही एनओसी मिल जाएगी।
