हल्द्वानीः 'राम लखन जानकी, जय बोलो हनुमान की' जयकारों से गूंजा शहर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। रामभक्त हनुमान का जन्मोत्सव गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में फल, फूल, मेवों से हनुमानलला का मनोहारी श्रृंगार हुआ। दर्शन और भोग के लिए मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। सामाजिक संगठनों ने झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। जिससे पूरा शहर जय-जय बजरंगबली के जयघोष से गूंज उठा।

शीशमहल स्थित हनुमान मंदिर से सुबह 10 बजे शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बजरंग दल, श्रीराम सेवक कमेटी, सत्य सनातन शक्ति जन जागरण व अन्य संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोग शामिल रहे। यात्रा नैनीताल रोड होते हुए सिंधी चौराहा से रामपुर रोड, नीलकंठ अस्पताल से मुखानी होते हुए वापस मंदिर पहुंची। 

यहां विशाल भंडारे के साथ यात्रा का समापन हुआ। शोभायात्रा में श्रीराम, सीता, हनुमान की झांकी के साथ भोलेनाथ की झांकियों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यात्रा में 'राम लखन जानकी, जय बोलो हनुमान की, जय-जय बजरंगबली के जयघोष लगे। 

'श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में' गीत पर भक्त झूमते नजर आये। यात्रा में श्रीराम दरबार, शिव-पार्वती, बजरंगबली की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इस दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। एसपी सिटी हरबंस सिंह स्वयं यात्रा में शामिल रहे।

संबंधित समाचार