काशीपुर: बिना वर्दी एवं नेम प्लेट के मिले रोडवेजकर्मी तो होगी कार्रवाई
चालक-परिचालक समेत संबंधित डिपो कर्मियों पर गिर सकती है गाज
काशीपुर, अमृत विचार। रोडवेज बसों में चालक-परिचालक बिना वर्दी एवं नेम प्लेट के पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है। इसके लिए मुख्यालय ने पत्र भेजकर चालक-परिचालकों को बस में नियमित रूप से वर्दी पहनने के साथ ही नेम प्लेट लगाकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का पालन नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
महाप्रबंधक संचालक दीपक जैन ने समस्त डिपो के सहायक महाप्रबंधक को पत्र भेजकर कहा कि वर्तमान में यह देखने में आ रहा है कि डिपो द्वारा संचालित कुछ बस सेवाओं में चालक-परिचालक वर्दी में नहीं रहते हैं एवं नेम प्लेट भी नहीं लगा रहे हैं। जिसके चलते कहीं न कहीं बस का चालान हो जाता है। इससे निगम को हानि भी झेलनी पड़ती है।
मार्ग पर संचालित प्रत्येक बस (निगम एवं अनुबंधित बस) में चालक परिचालक वर्दी में रहें और अनिवार्य रूप से नेम प्लेट लगाएं। कहा गया कि मुख्यालय द्वारा निगम से सभी चालकों-परिचालकों के लिए डिपो-मंडल की मांग के अनुसार वर्दी भत्ते की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके बाद भी कुछ चालक-परिचालक बिना वर्दी व नेम प्लेट के बस में चल रहे हैं।
उन्होंने तत्काल निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही डिपो के सभी चालकों व परिचालकों को एक रजिस्टर में हस्ताक्षर के साथ नोट करवाने, डिपो से संचालित होने वाली प्रत्येक अनुबंधित बस चालक व बस स्वामी को भी अनिवार्य रूप से नोट करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भविष्य में डिपो द्वारा मार्ग पर संचालित निगम बस, अनुबंधित बस में चालक-परिचालक बिना वर्दी एवं नेम प्लेट के पाए जाने पर सम्बन्धित बस का चालान होने, निगम को आर्थिक हानि होने अथवा निगम का पक्ष कमजोर होने पर चालक, परिचालक, समयपाल व उपाधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
