Up Nikay Chunav 2023 : भाजपा में डॉ. आरती लालचंदानी की दावेदारी से फिर हलचल  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भारतीय जनता पार्टी में गुटबाजी से आजिज नेतृत्व का नये चेहरे पर विचार

कानपुर, अमृत विचार। मेयर प्रत्याशी को लेकर राजनीतिक दल इस बार कुछ नया करने पर चिंतन कर रहे हैं। प्रत्याशिता को लेकर भारतीय जनता पार्टी में गुटबाजी के चलते नया चेहरा उतारने पर पार्टी विचार कर रही है। यह नया नाम मेडिकल कालेज की पूर्व प्राचार्या रहीं डॉ.आरती लालचंदानी और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय नीतू सिंह का हो सकता है। डॉ. आरती सोमवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी से कानपुर में मिली थी। उन्होंने अपना बायो-डाटा भी उन्हें दिया। उन्होंने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल से भी औपचारिक भेंट की। 

डॉ. आरती लालचंदानी को देखकर वहां पर मौजूद बाकी महिला दावेदारों में हलचल मच गयी। तरह-तरह के समीकरण बनने बिगड़ने लगे। डॉ. आरती का नाम 2017 के चुनाव में भी चर्चा में रहा। तब राजनीतिक परिस्थितियों के कारण प्रमिला पांडे की दावेदारी उन पर भारी पड़ी थी। उस समय डॉ. मुरली मनोहर जोशी कानपुर से सांसद थे और उनकी पहली पसंद आरती ही बतायी जाती थी। 

यह भी पता चला है कि डॉ. आरती लालचंदानी मंगलवार को डिप्टी चीफ मिनिस्टर बृजेश पाठक से मिलने लखनऊ जाएंगी। दूसरी तरफ शिक्षाविद् नीतू सिंह का नाम भी कानपुर में चर्चा में है। नीतू सिंह का नाम आरएसएस की पहली पसंद बतायी जाती हैं। इन दोनों नामों के आने से दावेदारों के समीकरण फिर से नया आकार लेने लगे हैं। भाजपा में मजबूत दावेदारों में ब्राह्मणों में प्रमिला पांडे, रीता शास्त्री, अनीता चतुर्वेदी और मनीषा वाजपेयी का नाम चर्चा में है। गैर ब्राह्मणों में पूनम कपूर और कमलावती सिंह, अनीता गुप्ता, सरोज सिंह का नाम भी मजबूती से उभरा है।

ये भी पढ़ें -अखिलेश ने BJP पर बोला हमला, कहा- सड़क निर्माण से लेकर दवाओं की खरीद तक हर स्तर पर भ्रष्टाचार 

संबंधित समाचार