CCTV की निगरानी में होगी UP कैटेट परीक्षाः कुलपति
कृषि संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आवेदन की अंतिम तारीख 20 अप्रैल
कुमारगंज, अयोध्या। प्रदेश के चारों कृषि विश्वविद्यालयों की संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की ओर से तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक कर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया गया है।
कुलपति ने नकल विहीन प्रवेश परीक्षा कराए जाने को लेकर कहा कि परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और नकल करते पकड़े जाने पर नकलचियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉ सिंह ने कहा कि प्रवेश परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रभारी कुलसचिव डा. सुशांत श्रीवास्तव ने बताया कि यह परीक्षा 30 व 31 मई को आयोजित की जाएगी। यह प्रवेश परीक्षा प्रदेश के 10 शहरों में होगी। इस बार प्रवेश परीक्षा के लिए दो और जिलों को शामिल किया गया है जिसमें आजमगढ़ और झांसी मुख्य रूप से हैं। इन दो जिलों के बढ़ने से पूर्वांचल व बुंदेलखंड के छात्र-छात्राओं को प्रवेश परीक्षा देने में परेशानी नहीं होगी। प्रवेश परीक्षा के लिए मेरठ, अयोध्या, बरेली, लखनऊ, बांदा, आगरा, कानपुर, वाराणसी, झांसी, आजमगढ़ जिले को शामिल किया गया है। प्रवेश फार्म भरने की अंतिम तारीख 20 अप्रैल है।
इन कालेजों में मिलेगा दाखिला
प्रवेश परीक्षा के बाद आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय अयोध्या, सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर, कृषि विश्वविद्यालय बांदा में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या के स्वाजी की आवाज पर नाच रहा पंजाब, गायिकी में रामनगरी के एक और सितारे की बल्ले-बल्ले
