रुद्रपुर: घात लगाकर युवक पर धारदार हथियार से किया हमला
रुद्रपुर, अमृत विचार। कोतवाली इलाके की खेड़ा बस्ती में घात लगाकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायतकर्ता ने वहीं के रहने वाले मंसूरी परिवार पर बेटे की हत्या करने के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़ित ने परिवार को जानमाल का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खेड़ा बस्ती की रहने वाली विजेश्वरी उर्फ लक्ष्मी रावत ने बताया कि 8 मार्च की सुबह साढ़े दस बजे उसका बेटा प्रदीप रावत फोन पर बात करते हुए घर की ओर रहा था कि क्षेत्र निवासी नाजिस, ताबीस मंसूरी ने पुरानी रंजिश के चलते घेराबंदी कर उस पर धारदार हथियार व लोहे की राड से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उसका बेटा लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गया, हमलावर उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर परिवार के लोगों ने प्रदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़िता का आरोप था कि इससे पहले भी मंसूरी परिवार के युवकों ने उसके बेटे पर प्राणघातक हमला किया था। साथ ही पुलिस से शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती है। पुलिस ने मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
