बागेश्वर: अंतर्राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी चैंपियनशिप का हुआ शुभारंभ
बागेश्वर, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी चैंपियनशिप का बागेश्वर में शुभारम्भ हो चुका है। उत्तराखंड पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से इस चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है।
बागेश्वर की जिलाधिकारी अनुराधा पाल द्वारा इसका उद्घाटन किया गया। जिलाधिकारी का कहना है कि इसका उद्देश्य बागेश्वर में साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है, बागेश्वर में प्राकृतिक सौन्दर्य से परिपूर्ण होने के साथ ही साहसिक पर्यटन की भी अपार सम्भावनायें है। उन्होंने कहा कि पिण्डारी, कफनी, सुन्दरढूंगा जैसे सुन्दर ग्लेशियर होने के साथ ही साहसिक पर्यटन में ट्रेकिंग, राफ्टिंग के साथ ही पैराग्लाइडिंग के लिए बेहतर स्थल है। उन्होंने कहा कि सरकार साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है।
बता दें बागेश्वर के कपकोट में तीन दिवसीय चैंपियनशिप का आयोजन आज से 14 अप्रैल तक किया जाएगा। केदारीबगड़ मैदान में शुभारंभ के बाद प्रतियोगिता शुरू हुई, पायलटों ने जालेख से उड़ान भरने के बाद केदारीबगढ़ में लैन्डिंग की, इस दौरान हवा में पायलटों ने काफी रोमांचक कलाबाजियां भी दिखाई।
जिले में पहली बार हो रही अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप में आर्मी, नेवी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मेघालय, आसाम रेजिमेंट हरियाणा सहित सिक्किम के 31 पालट हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता ग्रामीणों के लिए भी काफी उत्साहवर्धक रही।
