UP Nikay Chunav 2023 : टिकट पर टकटकी, दिग्गजों को सता रहा बगावत का डर
उम्मीद : पार्षद पदों के लिए मारामारी, महापौर टिकट पर मंथन, सूची की उम्मीद में सभी की निगाह
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम के महापौर और नगर पंचायत के अध्यक्ष के टिकट घोषित होने पर सभी दलों के दावेदारों में टकटकी लगी रही। शुक्रवार को आंबेडकर जयंती के दिन भाजपा, बसपा, कांग्रेस की सूची आने की उम्मीद में सभी की निगाह रही। दलों के कई पदाधिकारियों का मोबाइल बंद होने से सभी के टिकट वितरण को फाइनल करने की बैठक में होने का अनुमान कार्यकर्ता और दावेदार लगाते रहे। प्रमुख दलों के दिग्गज भी सूची जारी होने पर बगावत के बम से सहमे हैं। इसलिए आखिरी समय तक सर्वमान्य नाम पर सहमति बनाने का प्रयास जारी रहा।
भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस में से किसी भी पार्टी ने अभी तक मुरादाबाद नगर निगम के महापौर के लिए नाम घोषित नहीं किया है। इससे सभी दलों के दावेदार टकटकी लगाए हैं। भाजपा में निवर्तमान महापौर विनोद अग्रवाल सहित दो अन्य नामों पर मंथन चल रहा है। गुटबाजी का असर टिकट वितरण में दिख रहा है। यही स्थिति सपा में भी है। हालांकि यहां पर किसी महिला को टिकट न मिलने की स्थिति बनी है। ऐसे में आधी आबादी को अपनी दावेदारी बेदम लग रही है। कांग्रेस के पश्चिमी प्रांत के अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने गुरुवार को यहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर शुक्रवार को सूची जारी होने की बात कही थी। इससे दावेदार लखनऊ से सूची जारी होने की टोह लेने में लगे रहे।
जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद आदि किसी एक नाम का पत्ता नहीं खोल रहे हैं। हालांकि वह खुद भी इसके लिए दावेदार हैं। भाजपा के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष का मोबाइल बंद होने से कार्यकर्ता और दावेदार भी टिकट को लेकर परेशान रहे। माना जा रहा है कि आखिरी दौर की निर्णायक बैठक में सभी पदाधिकारियों से राय ली जा रही है। सर्वमान्य स्थिति बनाकर नाम की घोषणा पार्टी के दिग्गज करेंगे। क्योंकि नाम की घोषणा होते ही दलों में बगावत का बम फूटना तय है।
11 निकायों के 243 वार्डों में 9,47,506 मतदाता बनेंगे भाग्यविधाता
मुरादाबाद। नगर निकाय चुनाव के लिए पहले चरण में जिले में चार मई को मतदान और 13 मई को मतगणना होगी। जिले के 11 निकायों में जिसमें एक नगर निगम, दो नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों के 243 वार्डों में 9,47,506 मतदाता प्रत्याशियों की राजनीतिक तकदीर लिखने के लिए ईवीएम और बैलेट के जरिए चार मई को वोट डालेंगे। इसमें नगर निगम के 70 वार्डों में 6,73,843 मतदाता सर्वाधिक हैं। इन निकायों में मुरादाबाद नगर निगम, नगर पालिका परिषद बिलारी और ठाकुरद्वारा, नगर पंचायत भोजपुर, पाकबड़ा, अगवानपुर, कांठ, उमरी कलां, नगर पंचायत महमूदपुर माफी, नगर पंचायत कुंदरकी और नगर पंचायत ढकिया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ललित कौशिक होंगे रामपुर जेल में शिफ्ट, केशव और विकास भेजे जाएंगे बिजनौर
