हल्द्वानी: महाविद्यालयों के 34 हजार विद्यार्थियों को नहीं मिल पाई टैबलेट राशि
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रदेश के महाविद्यालयों में मुख्यमंत्री टैबलेट योजना के लाभ से 34 हजार विद्यार्थी अब तक वंचित हैं। योजना को शुरू एक वर्ष से अधिक का समय हो गया है। सैकड़ों विद्यार्थी अब भी टैबलेट राशि की राह ताक रहे हैं। प्रदेश में लगभग 1 लाख पांच हजार छात्रों को योजना का लाभ मिलना है।
पहले चरण में 4 जनवरी 2022 तक महाविद्यालयों में प्रवेशित विद्यार्थियों को टैबलेट राशि दी गई। इसके बाद, जिन विद्यार्थियों ने कॉलेज में प्रवेश लिया था। उन्हें यह राशि नहीं मिल पाई है। शासन की ओर से टैबलेट के लिए प्रति छात्र को 12 हजार रुपये दिए जाने हैं। ताकि वह टैबलेट खरीकर ऑनलाइन शिक्षा के लिए इसका इस्तेमाल कर सकें। दूसरे चरण के लाभार्थियों के लिए शासन स्तर से राशि जारी नहीं की गई है। एमबीपीजी कॉलेज में करीब 11 हजार विद्यार्थी टैबलेट राशि के लिए पंजीकृत हैं।
तीन हजार हजार से अधिक ऐसे विद्यार्थी हैं, जिन्हें लाभ नहीं मिल पाया है। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर और रामगढ़ के एक भी विद्यार्थी को योजना का लाभ नहीं मिला है। छात्र आए दिन महाविद्यालयों में टैबलेट राशि के लिए पूछताछ कर रहे हैं। उपनिदेशक उच्च शिक्षा डॉ. आरएस भाकुनी ने बताया कि प्रदेश के 34 हजार विद्यार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। शासन को इसकी सूचना भेजी गई है। राशि जारी होते ही लाभार्थियों के खातों में टैबलेट राशि भेजी जाएगी।
