लखीमपुर खीरी : सामूहिक अवकाश पर रहे अनुबंधित बसों के मालिक, यात्री हुए परेशान
लखीमपुर खीरी, अमृतविचार: डग्गामार वाहनों के खिलाफ अनुबंधित बस मालिकानों ने मोर्चा खोल दिया है। इसको लेकर रविवार को सभी अनुबंधित बस मालिक सामूहिक अवकाश पर रहे जिससे डिपो पर एक भी अनुबंधित बस नहीं दिखायी दी। सुबह बसें न होने की वजह से यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में दूसरे डिपों की बसों को मंगाकर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: भाजपा ने पुष्पा सिंह तो सपा ने रमा मोहन पर खेला दांव
डग्गामार वाहनों पर किसी प्रकार से रोक न लगा पाने के चलते प्रशासन के खिलाफ अनुबंधित बस आपरेटर्स एसोसिएशन अब आर पार की लड़ाई पर उतर आया है। पूर्व में एसो. के पदाधिकारियों ने सामूहिक अवकाश करते हुए ज्ञापन सौंपा था जिसके बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई के लिए समय मांगते हुए सामूहिक अवकाश और चक्का जाम को टालने की बात कही थी जिस पर एसो. के पदाधिकारियों ने 16 अप्रैल तक का समय दिया था।
साथ ही मांग की थी कि यदि इन दिनों में डग्गामार वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है तो मोटर मालिक एक बार पुनः सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। बता दें कि समय सीमा पूरी हो जाने के बाद रविवार को एसो. के पदाधिकारी सामूहिक अवकाश पर चले गये। लखीमपुर डिपो अनुबंधित बसों के सहारे ही चल रहा है। डिपो से पांच बजे पहली बस लखनऊ के लिए रवाना होती है, सुबह यात्री जब बस अडडे पर पहुंचे तो उन्हें वहां पर एक भी बस नहीं मिल पायी जिससे वह प्राइवेट बसों, निजी साधनों से रवाना हुए।
इधर कई बार वार्ता के बाद भी जब एसो. के पदाधिकारी नहीं माने तो विभाग ने दूसरे डिपो की करीब 70 बसों को मंगाकर यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया। अवकाश होने के चलते रविवार को ज्यादा सवारियां नहीं थी, लेकिन सामूहिक अवकाष यदि सोमवार को भी जारी रहा तो स्थित बेकाबू हो सकती है। जानकारी देते हुए एआरएम मुकेश मेहरोत्रा ने बताया कि यात्रियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
इसके लिए सीतापुर डिपो, शाहजहांपुर डिपोे, गोला डिपो से 20 -20 बसों मंगायी गयी हैं वहीं हरदोई डिपो से 10 बसों का इंतजाम किया गया है। एसो. के पदाधिकारियों को लगातार समझाने का प्रयास जारी है। इसके अलावा उच्चाधिकारियों को भी मसले से अवगत करा दिया गया है। जैसा आदेश आयेगा उसी के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को एक बार फिर से संचालित हो सकती हैं बसें :
अनुबंधित बस आपरेटर्स एसोसिएशन के शरद तिवारी ने बताया कि सभी ने मिलकर एक दिन का सामूहिक अवकाश लेने की बात हुई थी। सोमवार से एक बार पुनः बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
प्रतिदिन रोडवेज की होती दस लाख की इनकम: रोडवेज डिपो पर 98 से ज्यादा अनुबंधित बसों का संचालन किया जा रहा है। डिपो हर रोज 350 किलोमीटर बसों का फेरा कराते हुए करीब एक लाख रूपये की आय करती है। रविवार को डिपो को करीब 10 लाख रूपये घाटा होने की बात कही जा रही है।
ये भी पढ़ें - अतीक और असद की हत्या के बाद सतर्क रही पुलिस, मस्जिदों पर पुलिस की रही खास नजर
