रुद्रपुर: पुरानी पेंशन समेत मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से डिप्लोमा इंजीनियर नाराज
रुद्रपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ की प्रांतीय कार्यकारिणी, मंडल कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के जिला भ्रमण कार्यक्रम के तहत सदस्यों की समस्याओं के निराकरण के लिए घोषित आंदोलन को लेकर समीक्षा की गयी।
इसमें पुरानी पेंशन योजना बहाली, एसीपी का लाभ दिये जाने समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही निर्णय लिया गया कि जल्द मांग पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन शुरू किया जाएगा। सोमवार को प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अभियंता कक्ष में बैठक आयोजित की गयी।
इसमें सभी पदाधिकारियों ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली, सभी अभियंत्रण विभागों में 10, 16, 26 वर्ष में एसीपी का लाभ दिये जाने, डाउन ग्रेड पे, लघु सिंचाई विभाग में कनिष्ठ अभियंताओं को तीन वर्ष की सेवा पूर्ण होने के बाद भी अपर सहायक अभियंता का ग्रेड वेतन न दिये जाने के निराकरण की मांग उठायी गयी।
बैठक में कनिष्ठ व अपर सहायक अभियंताओं ने 10 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के बाद भी प्रथम एसीपी का लाभ वर्तमान तक न दिये जाने के मुद्दे को भी पुरजोर तरीके उठाया गया।
पिछले लम्बे समय से समस्याओं का समाधान नहीं होने पर सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में शासन स्तर पर समाधान न होने पर प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर संचालित चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करते हुए समस्त विभागों के अभियंता हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष यशपाल सिंह, सचिव मनमोहन सिंह ऐरी, प्रांतीय अध्यक्ष एसएस चौहान, महामंत्री मुकेश रतूड़ी, उपाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार गोयल, पीसी जोशी, मंडल अध्यक्ष एसएस डंगवाल, महामंत्री ललित मोहन शर्मा, प्रांतीय संगठन सचिव योगेश ततराड़ी, अजय टम्टा, रविन्द्र सिंह मेहरा, बीसी जोशी, मनोज बर्गली, अजय कुमार, विनोद कुमार, सुरेश चन्द्र पौडियाल, हेमंत गंगवार, अरविन्द सिंह, भास्कर, हरपाल सिंह, गौरव मेहरा, मनीष कुमार, ज्योति रावत, मी सुहेल समेत विभिन्न साखाओं के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
