हल्द्वानी: नो एंट्री में घुसा 20 टायरा कंटेनर, 1 घंटे जाम रहा रामपुर रोड
समता आश्रम गली के सामने पेड़ की टहनियों और तारों में उलझ कर फंसा कंटेनर
समता आश्रम गली के सामने पेड़ की टहनियों और तारों में उलझ कर फंसा कंटेनर
हल्द्वानी, अमृत विचार। शाम नो एंट्री तोड़ कर 20 टायरा कंटेनर शहर में दाखिल हो गया। ऊंचा कंटेनर पेड़ की टहनियों और तारों में उलझ कर बीच सड़क फंस गया। नतीजा रामपुर रोड पर दो तरफा लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची ट्राफिक पुलिस और सीपीयू को जाम खुलवाने में पसीने छूट गए। करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवा कर यातायात को सामान्य किया गया। जिसके बाद ट्रक चालक पर 5 हजार रुपए का कोर्ट का चालान किया गया।
बता दें कि टीपीनगर तिराहे से शहर की ओर भारी वाहनों के लिए नो एंट्री है। भारी वाहनों को टीपीनगर तिराहे से बरेली रोड की ओर मुड़ना होता है, लेकिन बुधवार शाम नागालैंड नंबर का 20 टायरा ऊंचा कंटेनर टीपीनगर तिराहे से नो एंट्री तोड़ कर सिंधी चौराहे की ओर बढ़ गया। टीपीनगर से मेडिकल कॉलेज गेट तक किसी तरह ऊंचा कंटेनर पहुंच गया, लेकिन उसके आगे कम ऊंचे पेड़ और तारों की वजह से वह आगे नहीं बढ़ सका।
कई पेड़ों की टहनियां तोड़ता ट्रक समता आश्रम गली के पास तारों और पेड़ की मोटी टहनियों में उलझ गया। जिसके बाद सड़क के दोनों ओर लबा जाम लग गया। जाम समता आश्रम गली से सिंधी चौराहा और रामपुर रोड पर सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय तक पहुंच गया। जानकारी मिलते ही टीआई राकेश महरा यातायात पुलिस और सीपीयू के साथ मौके पर पहुंच गए।
जिसके बाद वाहनों को एक तरफ कर कंटेनर को करीब आधा किलो मीटर बैक करके मेडिकल कॉलेज गेट तक ले जाकर सड़क किनारे खड़ा किया गया। जिसके बाद जाम सामान्य हो सका। टीआई राकेश महरा ने बताया कि वाहन चालक पर 5 हजार रुपए का कोर्ट का चालान किया गया है।
