क्राइम मीटिंग : अब पुलिस की रसोई में भी पकेगा मोटा अनाज
एसएसपी ने सप्ताह में एक बार मोटा अनाज परोसने के दिए निर्देश
सम्मन, एनबीडब्ल्यू, नोटिस में लापरवाही पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई
हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस वालों को अब हफ्ते में एक बार मोटा अनाज खाकर सेहत दुरुस्त रखने का मौका मिलेगा। बुधवार को कोतवाली सभागार में हुई क्राइम मीटिंग में एसएसपी पंकज भट्ट ने ये निर्देश दिए और चेतावनी भी। उन्होंने कहा, न्यायालयों से संबंधित प्रक्रिया, विशेषकर सम्मन, एनबीडब्ल्यू, नोटिस की तामिली की स्थिति ठीक करें, सभी थाना प्रभारी इस ओर गंभीरता से ध्यान दें और लापरवाही करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जाए और असमाजिक तत्वों पर कार्रवाई करें। पर्यटन सीजन को देखते हुए थाना-चौकी प्रभारी अपने क्षेत्रों में यातायात दुरूस्त रखें। ध्यान रखें कि सड़क में जाम न लगे।
उन्होंने सड़कों से अतिक्रमण हटाने को कहा। कहा, पर्यटकों से मित्रवत व्यवहार करें। उन्होंने अधीनस्थों को लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा, किसी निर्दोष को सजा न होने पाए और आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिले।
माह में जनपद में प्रभावी पुलिसिंग करने वाले एसआई गोविंद नाथ, एसआई अनीश अहमद, एसआई मनप्रीत कौर, हेड का. कुंदन कठायत, हेड का. इसरार नबी, हेड का. गोपाल बरगली, लीडिंग फायरमैन सुनील चौधरी, लीडिंग फायरमैन गोपाल राम, का. भानू प्रताप, का. हरजीत कंबोज को बेस्ट एंप्लॉई ऑप द मंथ के रूप में प्रशस्ति पत्र दिया गया। गोष्ठी में एसपी क्राइम/यातायात डॉ जगदीश चंद्र, एसपी सिटी हरबंस सिंह, संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा आदि थे।
