बाजपुर: प्रतिबंधित गोमांस बरामद, तस्कर हुआ फरार
बाजपुर, अमृत विचार। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 51.65 किग्रा गोमास से लदी बाइक बरामद की है। जबकि तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनिम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दोराहा चौकी की पुलिस गश्त पर थी।
इसी बीच गुरुवार की मध्य रात्रि करीब साढ़े 11 बजे मुखबिर द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस ने ग्राम महेशपुरा में नेशनल हाइवे-74 पर ग्राम हरलालपुर की ओर से आने वाले रास्ते के सामने चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच हरलालपुर की तरफ से बाइक आती दिखाई दी। लेकिन, सामने पुलिस को देखकर चालक कुछ दूर पहले ही बाइक मोड़कर जाने लगा।
शक होने पर जब पुलिस कर्मियों ने पीछा किया तो आरोपी बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। पुलिस के अनुसार बाइक से 51 किलो 65 ग्राम गोमास बरामद हुआ है। चिकित्सीय टीम के जरिये भी गोमांस की जांच करवाई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत, एसआई रमेश चंद्र बेलवाल, सिपाही गिरजा शंकर, कृष्णा नेगी आदि शामिल थे।
