खटीमा: श्रमिकों ने तहसील परिसर में दिया धरना, फाइबर्स फैक्ट्री प्रबंधन पर निष्कासित करने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। फाइबर्स फैक्ट्री से निष्कासित श्रमिकों ने तहसील परिसर में सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उनको बिना नोटिस के नौकरी से निकाला गया है। उन्होंने तत्काल उचित कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
   

बता दें कि बीते दिनों भी श्रमिकों का तहसील में गुस्सा फूटा था। श्रमिकों ने तहसील में प्रदर्शन कर तत्काल कर्मियों को बहाल करने की मांग की थी। एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट ने श्रम प्रर्वतन अधिकारी से जानकारी ली थी। इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई न होने पर सोमवार को श्रमिक अखिलेश, सत्यम सिंह, राजेंद्र सिंह, लाल सिंह, बाबू राम, रामाशीष, त्रिलोचन भट्ट, रामकेवल, मुन्नी लाल समेत कई श्रमिकों ने तहसील परिसर में धरना दिया।

श्रमिकों ने 21 अप्रैल को एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट को सौंपे ज्ञापन का हवाला बताते हुए आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन ने 16 अप्रैल को बिना पूर्व सूचना और नोटिस प्रेषित किए 100 से अधिक श्रमिकों की सेवाएं समाप्त कर दी। इस संबंध में 17 अप्रैल को कर्मियों ने एसडीएम को आपबीती सुनाई। जिसमें समस्या के हल का आश्वासन दिया गया।

कहा कि अभी तक इस मामले में कोई समाधान नहीं हुआ है। इस पर उनको धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि कंपनी में 207 श्रमिकों की ही लिस्ट लगी है। जबकि 107 कर्मी और हैं। आक्रोशित श्रमिकों ने कहा कि समस्या का स्थाई समाधान न होने पर आंदोलन जारी रहेगा।  

संबंधित समाचार