संभल: प्रेमिका की शादी के दिन किया अपने शव का वीडियो वायरल, गिरफ्तार
DEMO IMAGE
संभल, अमृत विचार। जनपद के असमोली थाना क्षेत्र में एक युवक के शव का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने शव की बरामदगी के लिए रात भर जंगलों की खाक छानी। सुबह युवक को जिंदा देख लोग चौंक गये। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने बताया कि उसकी प्रेमिका की शादी थी। उसने प्रेमिका के परिजनों को फंसाने के लिए अपनी हत्या का नाटक रचा था। पुलिस अब वीडियो बनाने वाले युवक की भी तलाश कर रही है।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर कला निवासी रहीश अहमद का 22 साल का बेटा मोहम्मद वसीम चांदी का वर्क बनाने का काम करता है। रविवार शाम पांच बजे वह घर से निकला। रात सवा आठ बजे वसीम के छोटे भाई शारिक के मोबाइल पर एक वीडियो आया।
इस वीडियो को देखकर शारिक और अन्य परिजन बिलखने लगे। वीडियो में वसीम के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। गले में रस्सी का फंदा पड़ा था और उसकी जीभ निकली हुई थी। दूसरे वीडियो में वसीम का शव प्लास्टिक के बोरे में बंद था। वीडियो के साथ गांव के ही एक व्यक्ति की तरफ से वसीम की हत्या करने का दावा करते हुए धमकाने का संदेश भी पोस्ट किया गया था।
वीडियो व फोटो देख परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर वसीम की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही वसीम का शव बरामद करने के लिए रात भर जंगल में खाक छानी।
फैली मौत की खबर मगर बहन के घर जिंदा मिला वसीम
संभल/ओबरी। वीडियो देखकर सभी ने मान लिया था कि वसीम की हत्या कर दी गई है। शव की तलाश के साथ ही रिश्तेदारों को अनहोनी की खबर दी जा रही थी। सोमवार सुबह परिजनों ने उसकी तहेरी बहन की ससुराल कस्बा पाकबड़ा में वसीम की मौत की सूचना दी। तब उसकी तहेरी बहन ने परिजनों को बताया कि वसीम तो मेरे घर पर है और मेरे सामने जिंदा बैठा है। इसके बाद परिजन पाकबड़ा पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तब पुलिस ने वसीम को हिरासत में ले लिया।
प्रेमिका के घरवालों को फंसाने के लिए रची साजिश
संभल। वसीम का गांव की ही युवती से प्रेम प्रसंग था। एक साल पहले वह युवती को लेकर भाग गया था। युवती दूसरी बिरादरी की थी इसलिए उसके परिजन शादी को तैयार नहीं थे। युवती को बरामद कर लिया गया था। युवती से मिलने पर पाबंदी लगा दी गई थी। रविवार को प्रेमिका की बरात आई थी। इस दौरान वसीम ने प्रेमिका के घरवालों को फंसाने के लिए अपनी मौत की साजिश रच दी।
असमोली थाना क्षेत्र के शहबाजपुर कला गांव निवासी युवक के शव का वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस ने युवक को जिंदा बरामद कर लिया है। उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। वीडियो शूट करने वाले की भी तलाश की जा रही है---श्रीशचंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक।
यह भी पढ़ें- संभल : पांच बीघा जमीन के लिए बहनोई के साथ मिलकर की थी भाई की हत्या, गिरफ्तार
