UP Board Result 2023: Banda में टॉपर ‘अनुराधा’ बोलीं- IAS बनना चाहती हूं, मेरी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरु

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा की अनुराधा गुप्ता ने यूपी में छठवां स्थान पाया।

बांदा की सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज केनपथ की इंटरमीडिएट छात्रा अनुराधा गुप्ता ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यूपी मैरिट में 6वां स्थान प्राप्त किया है। वह यूपीएससी की तैयारी कर आईएएस बनना चाहती हैं।

बांदा, अमृत विचार। यूपी बोर्ड परीक्षा हाईस्कूल व इंटर मीडिएट परिणाम घोषित होने के बाद हर तरफ खुशियां मनीं। मंगलवार की दोपहर सबसे पहले घोषित हाईस्कूल की परीक्षा का परिणाम आया तो जिले के हाथ कोई उपलब्धि लगी। लेकिन इंटरमीडिएट के परीक्षाफल ने छात्र-छात्राओं को खुशी से झूमने पर विवश कर दिया। प्रदेश की टॉप टेन लिस्ट में जिले के एक-दो नहीं बल्कि चार छात्र-छात्राओं ने अपनी मेधा का दम दिखाया।

प्रदेश की टॉप टेन सूची में शहर के केन पथ स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज की छात्रा अनुराधा गुप्ता ने छठवां, आदर्श बजरंग इंटर कालेज के छात्र कृष्ण विवेक व सौरभ सिंह और अतर्रा के तथागत ज्ञानस्थली की छात्रा नंदिनी गुप्ता ने संयुक्त रूप से दसवां स्थान बनाने में कामयाबी हासिल की है और जनपद को गौरवांवित किया। उधर हाईस्कूल की परीक्षा में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज की अंतरा गुप्ता और प्रो.दीनानाथ पांडेय गर्ल्स इंटर कालेज बदौसा की अंचल ने संयुक्त रूप से जिला टॉप किया है। 

UPSC की तैयारी कर आईएएस बनना चाहतीं अनुराधा

सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज केनपथ की इंटरमीडिएट छात्रा अनुराधा गुप्ता ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यूपी मैरिट में 6वां स्थान प्राप्त किया है। उसने 500 में 482 अंक प्राप्त किये हैं। उनके पिता कपड़ों के व्यापारी हैं। दो छोटे भाई हैं वह भी पढ़ रहे हैं। परीक्षा की तैयारी के संबंध में उन्होंने बताया कि उन्होंने वह महत्वपूर्ण प्रश्न अधिक तैयार किये, जो पिछली इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में बार-बार पूछे जा रहे थे।

वह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देती हैं और आगे यूपीएससी की तैयारी कर आईएएस बनना चाहती हैं। यदि उन्हें समाजसेवा का मौका मिला तो वे उन बच्चों को शिक्षित करने में सहयोग करेंगी, जो मेधावी हैं लेकिन संसाधनों की कमी से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। इसी विद्यालय की छात्रा अंतरा गुप्ता ने 95.5 अंक प्राप्त कर हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में विद्यालय टॉप किया है। उन्होंने 600 में 573 अंक प्राप्त किये हैं। उनके पिता अंग्रेजी के अध्यापक हैं। वह आईआईटी की तैयारी करना चाहती हैं। वह अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां आरती गुप्ता को देना चाहती हैं, जिन्होंने बेहतर तैयारी में उनका सहयोग किया।

संबंधित समाचार