रुद्रपुर: पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए युवक ने लगाई फांसी, मौत
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना गदरपुर इलाके के रहने वाले युवक ने अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते-करते अचानक फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को रुद्रपुर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से थाना भगडिया जिला बहराइच निवासी 35 वर्षीय नरेंद्र मंडल गदरपुर के गांव मसीत में खेत पर मजदूरी करता था और वहीं रहकर गुजर बसर कर रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात आठ बजे करीब युवक ने खाना खाने के बाद अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत की। इसी दौरान उसने साड़ी से फंदा बनाया और फिर पंखे की कुंडी पर लटककर आत्महत्या कर ली।
गुरुवार की सुबह पड़ोसी ने कमरे का दरवाजा खुला देखकर अंदर प्रवेश किया तो युवक फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
