रुद्रपुर: 16 सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर गरजे फार्मासिस्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार।  पिछले कुछ दिनों से काला फीता बांधकर विरोध जता रहे फार्मासिस्टों ने सीएमओ कार्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार से 16 सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। उन्होंने चेताया कि यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।  

बताते चलें कि पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड फार्मासिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 16 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला अस्पताल के फार्मासिस्ट काले फीते बांधकर अपना विरोध जताते हुए चिकित्सीय कार्य कर रहे थे। मगर मांगे पूरी नहीं होने पर प्रांतीय आह्वान पर शुक्रवार को जिले भर के फार्मासिस्ट सीएमओ कार्यालय पहुंचे और एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया। उनका कहना था कि पिछले लंबे समय से आईपीएचएस मानकों में संशोधन कर चिकित्सालयों में बढ़ते काम के दबाव को देखते हुए फार्मासिस्टों के पदों में वृद्धि करने की मांग की गयी थी।

इसके अलावा अस्थगित 63 पदों जिनमें 33 फार्मासिस्ट और 30 चीफ फार्मासिस्ट को दस अप्रैल से पहले क्रियाशील बनाने का शासनादेश जारी करने, 22 वर्षों से लंबित फार्मासिस्ट संवर्ग की अराजपत्रित एवं राजपत्रित सेवा नियमावली को शीघ्र प्रख्यापित करने, फार्मेसी प्रेक्टिस रेगुलेशन 2015 का कड़ाई से पालन करने, पदनाम परिवर्तन करने, चयन वर्ष 20 22-23 तक परिणामी रिक्तियों को जोड़ते हुए चीफ फार्मासिस्ट, प्रभारी अधिकारी फार्मेसी से विकल्प मांगने का शासनादेश जारी करने, लोक सेवकों के लिए वार्षिक स्थानांतरण अधिनियम 2017 का पालन पारदर्शी तरीके से करने, फार्मासिस्टों की डीपीसी तैयार करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, उड़ीसा की तर्ज पर चिकित्सक विहीन अस्पतालों में फार्मासिस्टों को दवा लिखने का अधिकार देने, मरीज केयर भत्ता देने और पोस्टमार्टम भत्ता 300 रुपये किए जाने की मांग शामिल है।

नाराज फार्मासिस्टों ने आगाह किया यदि जल्द उनकी मांगों पर गौर नहीं किया तो प्रांतीय आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर बीएन बेलवाल, आरएस अधिकारी, जेएस शाह, एचसी पोखरियाल, जेपी आर्या, अनुप सिंह रावत, एमएन गोस्वामी, सुरेश वर्मा, हरीश चंद्र सती, आरएस चौहान, जेएल शाह, जीपी मिश्रा, देवांश चंद्र, एनबी भट्ट, आरडी कांडपाल आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार