Rudrapur News: फर्जी आय प्रमाण पत्र लगाने वालों पर होगी एफआईआर, CDPO को कार्रवाई के निर्देश, जानें मामला
रुद्रपुर, अमृत विचार। ऊधमसिंह नगर जनपद में नंदा गौरा योजना के तहत फर्जी आय प्रमाण पत्र लगाने वाले 81 आवेदकों के खिलाफ बाल विकास विभाग ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जिले के सभी 10 बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) को पत्र भेजकर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
जनपद के 10 बाल विकास परियोजना विभाग में नंदा गौरा योजना का लाभ लेने के लिए 6541 लाभार्थियों ने आवेदन किया था। इसमें जन्म के आधार पर योजना का लाभ लेने के लिए 2250 लोगों ने आवेदन किया था। इसमें बालिका का जन्म होने पर माता-पिता को 11 हजार रुपये दिए जाते हैं, जबकि 12वीं पास होने के बाद उच्च शिक्षा में पढ़ाई के लिए 4291 ने आवेदन किया था। इसके तहत बालिकाओं को 51 हजार रुपये दिए जाते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद जब बाल विकास परियोजना विभाग के अधिकारियों ने जांच की तो आय प्रमाण पत्रों में गड़बड़ी मिली।
इसके बाद सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंप दी थी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने यह रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को सौंपी।
ऊधमसिंह नगर के जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि नंदा गौरा योजना में फर्जी आय प्रमाण पत्र लगाने की शिकायत पर बाल विकास परियोजना अधिकारियों ने जांच की इसमें गड़बड़ी मिली है। सीडीओ के निर्देश के बाद सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को पत्र भेजकर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दे दिए हैं।
यह भी पढ़ें- Haldwani News: यात्रीगण कृपया ध्यान दें... दो दिन चलेगी ढाई घंटे की देरी से Bagh Express
