हल्द्वानी: डिग्री कॉलेजों में एक जुलाई से ऑनलाइन कक्षाएं भी चलेंगी
अपर सचिव ने कहा- एनईपी में 40 प्रतिशत ऑनलाइन शिक्षा का प्रावधान
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रदेश के विश्वविद्यालयों और राजकीय महाविद्यालयों में एक जुलाई से शुरू होने वाले नए शिक्षा सत्र 2023-24 से ऑनलाइन कक्षाएं भी चलाई जाएंगी। पहले चरण में विद्यार्थियों को 10 प्रतिशत ऑनलाइन शिक्षा प्रदान कराने पर जोर रहेगा।
राज्य सरकार की ओर से वितरित किए गए टैबलेट का इस्तेमाल ऑनलाइन पढ़ाई में होगा। अपर सचिव उच्च शिक्षा डॉ. प्रशांत आर्या ने बताया कि अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में 40 प्रतिशत ऑनलाइन पढ़ाई का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि जुलाई से शुरू होने वाले नए सत्र में राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में अध्यनरत एनईपी के विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा भी प्रदान की जाएगी।
पहले चरण में 10 प्रतिशत शिक्षा को ऑनलाइन करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयो में ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई होगी। विद्यार्थियों को विकल्प दिया जाएगा कि वह किस माध्यम से पढ़ना चाहते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को इससे लाभ मिलेगा। सिलेबस पूरा न होने संबंधी समस्या भी दूर होगी।
यूओयू में 6 मई को होगी स्किल कोर्स की बैठक
अपर सचिव उच्च शिक्षा डॉ. प्रशांत आर्या ने बताया कि नए सत्र से राजकीय महाविद्यालयों में संचालित होने वाले स्किल कोर्स के चुनाव को लेकर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में 6 मई को बैठक होगी। इसमें उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। कौशल विकास कोर्स के संचालन को लेकर महाविद्यालयों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
