देहरादून: सोने को देख कर सुनार ललचाया, ग्राहक का 8 लाख का सोना लेकर हुआ फरार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। मरम्मत के लिए दिए गए करीब आठ लाख रुपये के जेवर लेकर एक सुनार चंपत हो गया। महिला की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी सुनार की तलाश की जा रही है।

मामले में सरोजिनी जोशी निवासी सेक्टर दो, केशर सिंह मार्ग, डिफेंस कॉलोनी ने तहरीर दी। बताया कि डिफेंस कॉलोनी रोड गौरखपुर चौक पर आईफा ज्वेलर्स नाम से दुकान है। दुकान संचालक के पास वह 27 मार्च को गईं। उन्होंने सोने के दो मंगलसूत्र, सोने के दो कड़े, दो अंगूठी और एक जोड़ी कान की बाली मरम्मत के लिए दी। इनकी कीमत करीब आठ लाख रुपये है। सुनार ने कहा कि यह गहने ठीक करके 10 से 12 दिन में वापस कर देगा। महिला करीब 10 दिन बाद उसकी दुकान पर गहने लेने गई। लेकिन, सुनार ने टाल दिया। कहा कि कुछ दिन और लगेंगे।

इसके बाद महिला ने सुनार से फोन पर संपर्क किया तो फोन बंद था। दुकान पर जाकर देखा तो वह भी बंद थी। आसपास के लोगों से पूछा तो पता चला कि यह दुकान कई दिनों से बंद है। महिला को समझ आ गया कि सुनार उसके जेवर लेकर भाग गया है। एसओ नेहरू कॉलोनी लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि आरोपी सुनार पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। उसके मोबाइल नंबर और दुकान की डिटेल के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

संबंधित समाचार