रामनगर: वन क्षेत्र में अतिक्रमण कर बनाई गईं अब तक 07 धार्मिक संरचनाएं की गईं ध्वस्त
रामनगर, अमृत विचार। कार्बेट टाइगर रिजर्व द्वारा कार्बेट नेशनल पार्क के अंदर ढेला रेंज में तीन धार्मिक संरचना के तहत किए गए निर्माण को अवैध मानते हुए ध्वस्त कर दिया गया है। सूत्र बताते है कि जिन धार्मिक संरचनाओं का ध्वस्तीकरण किया गया है।
कार्बेट टाइगर रिजर्व द्वारा अब तक कुल सात अतिक्रमण ध्वस्त किए जा चुके है जिनमे से चार पहले बिजरानी रेंज में ध्वस्त कर दिए गए थे। कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ धीरज पांडे ने बताया कि अन्तर्गत वन क्षेत्रों में अतिक्रमण कर बनाई गयी अवैध धार्मिक संरचनाओं को चिन्हित करते हुए इन्हें वन क्षेत्रों से हटाने के लिए सभी रेंजों में तैनात वन क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया जा चुका है।
टीमों द्वारा वन क्षेत्र में अतिक्रमण का चिन्हीकरण कर इन्हें वन क्षेत्रों से हटाये जाने का अभियान निरंतर जारी है। इसी अनुक्रम में कार्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में वन क्षेत्राधिकारी सन्दीप गिरी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा वन क्षेत्र में निर्मित तीन अवैध धार्मिक संरचनाओं का चिन्हीकरण किया गया था।
इनका धारणाधिकार धारित किये जाने के सम्बन्ध में पूर्व में आम जनमानस को सूचित किया गया था, परन्तु किसी भी जन मानस अथवा संस्था द्वारा वन क्षेत्र में बनाई गयी धार्मिक संरचनाओं पर अपने धारणाधिकार को प्रस्तुत नहीं किया गया है । इसके बाद गठित टीम द्वारा इन अवैध धार्मिक संरचनाओं को कार्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला रेंज से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाकर वन क्षेत्रों को अपने प्राकृतिक स्वरूप में लाया गया है। यह अभियान कार्बेट टाइगर रिजर्व की विभिन्न रेंजों के अन्तर्गत लगातार जारी रहेगा।
