रुद्रपुर: जिला अस्पताल में स्थापित आधुनिक फेको मशीन हुई शुरू
पहले दिन चार मरीजों का किया सफल ऑपरेशन
सीएमओ-पीएमएस ने किया उद्घाटन
रुद्रपुर, अमृत विचार। मोतियाबिंद के मरीजों के लिए अच्छी खबर है कि जिला अस्पताल में आधुनिक फेको मशीन को स्थापित हो चुकी है। पहले दिन आधुनिक मशीन के माध्यम से चार मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया। वहीं अस्पताल में आधुनिक मशीन लगने से अब जटिल मोतियाबिंद के मरीजों को निजी अस्पतालों में भटकना नहीं पड़ेगा।
सोमवार को आधुनिक फेको मशीन का उद्घाटन सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा और पीएमएस डॉ. राकेश सिन्हा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया और फेको मशीन केंद्र में स्थापित मशीन का अवलोकन कर मोतियाबिंद के मरीजों का ऑपरेशन करवाया गया। जहां चार मरीजों का सफल ऑपरेशन किया।
सीएमओ डॉ. शर्मा ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज के सहयोग से जिला अस्पताल को बुश एंड लोम्ब कंपनी की महंगी और आधुनिक फेको मशीन मुहैया कराई गई थी। जिसके बाद अब अस्पताल में जटिल मोतियाबिंद वाले मरीजों का बेहतर एवं सफल ऑपरेशन हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इस मशीन में 2.2 एमएम से 2.8 एमएम तक के ही इन्सीजन की ही आवश्यकता होती है। इस मौके पर नेत्र चिकित्सक डॉ. नंदिनी एवं डॉ. उदय शंकर समेत कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
