बरेली: जिला अस्पताल आइए, थॉयराइड की जांच कराइए
हार्मोनल एनालाइजर मशीन स्थापित, मरीजों को मिलेगी राहत
बरेली, अमृत विचार : अब जिला अस्पताल में मरीजों को हार्मोन संबंधी जांचों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल में हार्मोनल एनालाइजर मशीन स्थापित कर दी गई है। प्रथम चरण में थायराइड यानी टी3, टी4 और टीएसएच जांच की शुरुआत की गई है। अफसरों के अनुसार थायराइड, हिपेटाइटिस, विटामिन बी12, फैरेटिन आदि जांचें निशुल्क होंगी।
ये भी पढ़ें - बरेली: धोखाधड़ी में शाखा प्रबंधक समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज
शुरुआत में केवल थायराइड की जांच की जा रही है। यहां हर दिन करीब डेढ़ हजार मरीज ओपीडी में आते हैं। पहले इन जांचों के लिए मरीजों को निजी पैथोलाॅजी लैब पर जाना पड़ता था। जांच के नाम पर उनके हजारों रुपये खर्च होते थे। कई बार मरीज इन सभी जांचों को एक साथ नहीं करा पाता था। जांच रिपोर्ट पूरी नहीं होने की वजह से उनका इलाज भी बाधित होता था।
यह मशीन किट पर करती है काम: डाक्टरों के मुताबिक हार्मोंस संबंधित 100 से अधिक जांचे होंगी। एनलाइजर मशीन किट पर काम करती है। हर जांच के लिए एक अलग किट होती है। प्राइवेट लैब में किट की कीमत के अनुसार ही जांच मूल्य तय होता है। यह किट 200 से लेकर 20 हजार तक की होती है।
एडीएसआइसी डा. अलका शर्मा ने बताया कि मशीन स्थापित होने के बाद पहली जांच उन्होंने ही करवाई है। जल्द सभी हार्मोनल जांचें शुरू की जाएंगी। हालांकि, किट सभी जांचों के लिए प्रबंधन को मुहैया करा दी गई हैं।
ये भी पढ़ें - बरेली: निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी का धुआंधार प्रचार, ऐतिहासिक जीत का दावा
