हरियाणा के मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और दो विधायक कोरोना पॉजिटिव
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा सत्र शुरू होने से ऐन पहले राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता तथा सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप और रतिया के विधायक लक्षमण नापा आज कोरोना पॉजिटिव पाये गये। सीएम खट्टर ने देर शाम टि्वटर पर खुद के कोरोना पाॅजिटिव पाये जाने …
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा सत्र शुरू होने से ऐन पहले राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता तथा सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप और रतिया के विधायक लक्षमण नापा आज कोरोना पॉजिटिव पाये गये।
सीएम खट्टर ने देर शाम टि्वटर पर खुद के कोरोना पाॅजिटिव पाये जाने की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि आज कराये गये कोविड जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने गत सप्ताह से सम्पर्क में आये अपने सभी साथियों और सहयोगियों को अपनी कोविड जांच कराने तथा सभी करीबी सम्पर्कों को क्वारंटाईन होने को कहा है।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने 26 अगस्त से विधानसभा का मॉनसूत्र बुलाया है और इससे ऐन पहले ही मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष तथा दो विधायकों के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने से सत्र के आयोजन को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनने लगी है या फिर इसकी अवधि घटाई जा सकती है। राज्य सरकार ने सत्र में भाग लेने के लिये सभी मंत्रियों और विधायकों से कोरोना जांच कराना अनिवार्य किया है।
राहत की बात यह है कि ज्यादातर विधायकों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करते हुये सरकार ने मीडिया का भी विधानसभा परिसर में प्रवेश वर्जित किया गया है। अलबत्ता सदन में होने वाली कार्यवाही की हरियाणा निवास में सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई है और यहीं से मीडिया की कवरेज होगी।
इनके अलावा यहां एमएलए हॉस्टल के तीन और विधानसभा के नौ कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पंचकूला की एसडीएम रिचा राठी और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नुपुर बिश्नोई भी कोरोना की चपेट में आ गई हैं।
