बरेली: सुविधा शुल्क लिया और बच्चे की मौत भी हो गई
स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप, परिजनों का हंगामा, जिला महिला अस्पताल का मामला, स्टाफ से मांगा स्पष्टीकरण
बरेली, अमृत विचार : जिला महिला अस्पताल में सुविधा शुल्क का खेल जारी है। गुरुवार को एसएनसीयू में बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने स्टाफ पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाकर हंगामा किया। घरवालों का कहना था कि स्टाफ ने इलाज में लापरवाही बरती। इसलिए बच्चे की मौत हो गई। फिलहाल, सीएमएस ने मामले में जांच कराने की बात कही है।
ये भी पढ़ें - बरेली: मतगणना के चलते बरेली कॉलेज रहेगा बंद
भुता के मुड़िया लालपुर गांव निवासी सुरेंद्र की पत्नी ऊषा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उन्हें सीएचसी पर भर्ती कराया। गुरुवार सुबह ऊषा ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन जांच में बच्चे की हालत गंभीर देख उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन 108 एंबुलेंस से बच्चे को लेकर एसएनसीयू पहुंचे।
आरोप है कि यहां स्टाफ ने परिजनों को बच्चे की हालत गंभीर बताकर पांच हजार रुपये सुविधा शुल्क की मांग की। परिजनों ने स्टाफ को 2000 रुपये दे दिए। कुछ देर बाद इलाज के दौरान बच्चे की सांसें थम गईं। स्टाफ पर पहले भी सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लग चुका है। यहां बेहतर इलाज के दावे दम तोड़ रहे हैं। जबकि बेहतर सुविधाएं देने के नाम पर अस्पताल को एनक्यूएएस (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड) प्रमाणपत्र मिल चुका है।
मामला संज्ञान में है। जानकारी होने पर एसएनसीयू स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। हालांकि, अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन बच्चे के परिजनों को बुलाया है। जांच कराकर स्टाफ के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. पुष्पलता शमी, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल
ये भी पढ़ें - बरेली: मरीजों के लिए समर्पित है नर्स का जीवन, केशलता काॅलेज और स्कूल ऑफ नर्सिंग में हुआ नर्सेस दिवस समारोह
