मुरादाबाद : पुलिस करती रही तलाश, आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर...एक सप्ताह पूर्व मां-बेटे का किया था अपहरण

पुलिस बीरू व उसके साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी

मुरादाबाद : पुलिस करती रही तलाश, आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर...एक सप्ताह पूर्व मां-बेटे का किया था अपहरण

मुरादाबाद, अमृत विचार। दिनदहाड़े मां और बेटे के अपहरणकर्ता शातिर दिमाग निकले। उनकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी ही करती रह गई। आरोपियों ने अलग-अलग अदालतों में सरेंडर कर दिया। जिससे पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

थाना छजलैट क्षेत्र के गांव मथाना में 4 मार्च 2022 को खेत पर काम करते समय पति-पत्नी की हत्या कर दी गयी थी। छोटे बेटे जयपाल ने छजलैट थाने में अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। 11 मार्च 2022 को पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतकों के बड़े बेटे बृजपाल उसकी पत्नी माया, हिस्ट्रीशीटर राजेन्द्र, सुमित भाटी, बीरु व सुभाष को जेल भेज दिया था।

प्रापर्टी विवाद में बेटे द्वारा ही भाड़े के हत्यारों द्वारा कत्ल की वारदात को अंजाम दिया गया था। माया ने अपनी बेटी का रिश्ता भी हत्याकांड को अंजाम देने वाले बीरू से तय कर दिया था। एक-एक करके सभी जेल से छूट गए। इसी बीच माया ने बीरू से बेटी का रिश्ता करने से इनकार कर दिया। यह बात बीरू को पता चली तो वह भड़क गया। एक सप्ताह पूर्व बीरू साथियों के साथ मथाना गांव पहुंचा। हथियारों के बल पर माया देवी व उसके बेटे को उठा ले गया था।

सूचना पर सक्रिय पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी मां और बेटे को धामपुर रोड पर छोड़कर फरार हो गए थे। इस संदर्भ में बीरू व उसके साथियों पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। तभी से पुलिस बीरू व उसके साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी बीच बीरू ने मुरादाबाद की कोर्ट और सुमित ने बिजनौर की अदालत में सरेंडर कर दिया।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : चालान काटने पर भड़के भाजपाई, लाजपतनगर चौकी पर दिया धरना