हरदोई : पति के हाथ से पत्नी को लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस
शाहाबाद कोतवाली के मिश्रीपुर गांव का मामला
शाहाबाद /हरदोई, अमृत विचार। पति के हाथों से पत्नी के गोली लगने के मामले में पुलिस का कहना है कि लाइसेंसी बंदूक के इत्तेफ़ाकन गिरने से गोली चल गई। हालांकि सारे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि मामला कुछ और ही है,जिसे पुलिस घुमा रही है। दावे के साथ कहा गया है कि पति ने शराब के नशे में पत्नी को गोली मारी थी। हालांकि पुलिस सारे मामले की जांच होने की बात कह रही है।
बताया गया है कि शाहाबाद कोतवाली के मिश्रीपुर निवासी जागेश्वर दयाल सोमवार की शाम को अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर छत से नीचे उतर रहा था। वहीं नीचे ज़ीने के पास उसकी 55 वर्षीय पत्नी शोभा खड़ी हुई थी। इसी बीच इत्तेफाक से राजेश्वर के हाथ से बंदूक छूट कर ज़मीन पर गिर पड़ी और उससे निकली गोली शोभा के पैर में जा लगी। गोली लगने से शोभा ज़ख्मी हो गई। इस तरह हुए हादसे से घर और वहां आस-पड़ोस के लोगों में हड़कंप मच गया। ज़ख्मी शोभा को सीएचसी शाहाबाद ले जाया गया। जहां के डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज के लिए रिफर कर दिया।
ऐसा भी कहा गया है कि पुलिस ने गोली मारने वाले पति को हिरासत में ले लिया है। वहीं इस बारे में पुलिस का कहना है कि बंदूक गिरने से उससे निकली गोली शोभा को छूती हुई दीवार में जा लगी। जिससे वह बाल-बाल बच गई। वहीं वहां के कुछ लोगों का कहना है कि मामला कुछ और ही है, लेकिन उसे इत्तेफाक होना बताया जा रहा है। इस बारे में एसएचओ शाहाबाद एसके मिश्रा का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
ये भी पढ़ें - लखनऊ : साक्षी के हत्यारे का एनकाउंटर करने की उठी मांग
