एक हजार करोड़ के ओवरड्राफ्ट में चल रही है सुक्खू सरकारः जयराम ठाकुर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिमला।  हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि छः महीनें में सात हजार करोड़ का कर्ज लेने के बाद भी एक हजार करोड़ रुपए के ओवरड्राफ्ट में हिमाचल सरकार चल रही है। प्रदेश में सारे विकास कार्य ठप पड़े हैं। पहले हो चुके विकास कार्यों का भुगतान नहीं हो रहा है। राजकोष खाली है।

 

शपथ ग्रहण के बाद सरकार अपने चुनावी वादे पूरा करने की कोशिश करती है। जनहित के काम करती है लेकिन सुक्खू सरकार ने आते ही डीजल के दाम बढ़ाकर हिमाचल के लोगों को परेशान करने का काम किया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार बने सात महीनें हो गए हैं लेकिन यह सरकार अपना एक भी चुनावी वादे को पूरी तरह लागू नहीं कर पाई है।

कांग्रेस ने हिमाचल की जनता के साथ धोखा किया है। हिमाचल के लोगों को सुविधाएं और नौकरियां देने का वादा करनी वाली कांग्रेस अब लोगों को पिछली सरकार द्वारा दी गयी सुविधाएं छीनने का काम कर रही हैं। आउटर्सोस पर काम कर रहे लोगों को बाहर निकालने का काम कर रही है।

सुक्खू सरकार ने पूर्व सरकार द्वारा खोले गए हजारों संस्थानों को बंद कर दिया, पांच हजार से ज्यादा आउटर्सोस कर्मियों को नौकरी से निकाल दिया। हिमाचल के लोग कांग्रेस के इस झूठ का जवाब आने वाले चुनावों में देंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस के नेताओं से कहा कि जब तक आप सरकार में है तब तक आप बहानेबाजी के बजाय जनता के विकास के कार्यों को प्राथमिकता दीजिए।

 ठाकुर ने कहा कि सरकार के पास पैसा नहीं है कहने से काम नहीं चलेगा। हिमाचल छोटा राज्य है, संसाधनों का संकट हमारे समय में भी था लेकिन हमने जनता के कार्यों को हमेशा प्रमुखता दी। कोविड जैसी महामारी के समय भी हमने जनता के विकास कार्यों को रूकने नहीं दिया था। इसलिए सुक्खू सरकार भी बहाने बनाने के बजाय जनता के काम करना सुनिश्चित करे। 

संबंधित समाचार