खटीमा: निजी स्कूलों में लगाई गईं बिना मूल्य की पुस्तकों को हटाने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर किए गए आंदोलन के बाद हुई जांच में सरकार के नियमों के कुछ बिंदुओं के उल्लंघन पाया गया है। इसकी जानकारी सोमवार को हुई पत्रकार वार्ता में भाजपा नेताओं ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्या की ओर उन्हें एक पत्र मिला है जिस पर पुस्तकों को लेकर राज्य सरकार के कुछ नियमों का उल्लंघन पाये जाने की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि सीईओ की ओर से विद्यालय को उक्त पुस्तकों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
   

बता दें कि बीते दिनों भाजपाईयों ने निजी स्कूलों पर अनेक आरोप लगाते हुए कार्रवाई को लेकर तहसील में धरना प्रदर्शन किया था। इस मामले में जांच रिपोर्ट आते ही भाजपा जिला मंत्री भुवन जोशी, किशोर जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विमला बिष्ट,मंडल महामंत्री महेश राणा आदि ने पत्रकार वार्ता में ताजा जांच रिपोर्ट को लेकर पत्र मिलने का खुलासा किया। भाजपा जिला मंत्री किशोर जोशी ने आरोप लगाया कि सिटी कांन्वेट स्कूल द्वारा प्राइवेट प्रकाशन की पुस्तक जबरन विद्यार्थियों व अभिभावकों पर थोपी गई थीं। जबकि सीबीएसई व राज्य सरकार की ओर से सभी प्राइवेट स्कूलों को स्पष्ट निर्देश है कि एनसीईआरटी की पुस्तकें अथवा आवश्यकता पड़ने पर एनसीआरईटी के मूल्य के समकक्ष ही पुस्तक लागू की जाए।

उक्त मांग को लेकर सात दिन तक धरना प्रदर्शन किया गया। जिसे जिला शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र आर्या ने जांच कर आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजने का आश्वासन पर स्थगित किया गया था। कहा कि जांच रिपोर्ट आ गई हैं इसमें आरोप सही पाए गए हैं। संबंधित स्कूल को निर्देशित किया है कि तत्काल उक्त पुस्तकों को हटाया जाए।

बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत व जिला शिक्षा अधिकारी आर्या का धन्यवाद ज्ञापित किया। भाजपा जिला मंत्री भुवन जोशी ने राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया और निजी स्कूल एसोसिएशन से अपील की है कि किसी भी विद्यार्थी, अभिभावक का शिक्षा की आड़ में शोषण नहीं किया जाए। इस दौरान अभिभावक पूरन ठकुराठी, छत्तर सिंह भाटिया, आनंद सिंह ठकुराठी, मनोज चंद आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार