किसान आंदोलन को लेकर अनेक ट्विटर खातों को दिया गया था रोक : राकेश टिकैत

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

कुरुक्षेत्र। ट्विटर के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जैक डोर्सी के किसानों के प्रदर्शन के दौरान सरकार के दबाव के आरोपों पर मंगलवार को किसान नेता राकेश टिकैत ने आरोप लगाया कि रद्द किये जा चुके केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन को उजागर करने वाले अनेक ट्विटर खातों पर रोक लगा दी गयी थी।

ये भी पढ़ें - सरकार को लोगों की निजता की नहीं है परवाह, डेटा की सुरक्षा करने में विफल: कांग्रेस

कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन की अगुवाई करने वाले नेताओं में शामिल रहे भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) पदाधिकारी टिकैत ने आरोप लगाया कि ट्विटर पर सरकार का दबाव था और अनुरोध किया जाता था कि किसानों के आंदोलन की जानकारी देने वाले खातों को बंद किया जाना चाहिए। केंद्र सरकार ने डोर्सी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके समय ट्विटर को भारतीय कानून की संप्रभुता को स्वीकार करने में दिक्कत होती थी।

टिकैत ने इस बारे में एक सवाल के जवाब में कहा कि सरकार से इस बात का दबाव होता था कि किसानों की सोशल मीडिया मंच तक पहुंच को कम से कम किया जाए। उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह उन्होंने आंदोलन को तोड़ा।’’ टिकैत से जब पूछा गया कि क्या मोदी सरकार ने ट्विटर को किसानों और किसान आंदोलन के खातों को बंद करने के लिए बाध्य किया था तो उन्होंने दावा किया कि आंदोलन की जानकारी देने और उसकी बात करने वाले अनेक खातों को ब्लॉक कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे भी जानते थे कि अगर किसान आंदोलन की बात करी तो उनके खाते ब्लॉक कर दिये जाएंगे। टिकैत ने कहा कि ऐसे अनेक खाते अब भी बंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसी तरह का विरोध बर्दाश्त नहीं कर सकती।

डोर्सी ने एक साक्षात्कार में दावा किया कि भारत सरकार ने 2020 और 2021 में केंद्र के नये कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन पर सरकार की आलोचना वाले खातों और पोस्ट को हटाने का अनुरोध नहीं मानने पर कंपनी का कामकाज बंद करने और उसके कर्मचारियों पर छापे मारने की धमकियों के साथ दबाव बनाया था।

ट्विटर के सीईओ के पद से डोर्सी ने 2021 में इस्तीफा दे दिया। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री चंद्रशेखर ने डोर्सी के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, ‘‘कोई जेल नहीं गया और ना ही ट्विटर बंद किया गया। यह जैक का साफ झूठ है जो शायद ट्विटर के इतिहास के उस, बहुत संदिग्ध समय के दागों को मिटाने की कोशिश है।’’ 

ये भी पढ़ें - सतपुड़ा आगजनी में नष्ट डाटा थोड़ी मेहनत से हो जाएगा रिकवर : गृह मंत्री

संबंधित समाचार