मुरादाबाद : रामगंगा नदी के किनारे 12 किमी के क्षेत्र में बाढ़ का खतरा, नहीं बना तटबंध

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

2010 में कालागढ़ और तुमड़िया डैम में अधिक पानी छोड़ने से आई थी बाढ़, तटबंध बनाने के लिए अब तक नहीं मिली जमीन

मुरादाबाद,अमृत विचार। मानसून से पहले इस बार भी रामगंगा नदी के किनारे 12 किलोमीटर के क्षेत्र में पॉश कॉलोनियों पर बाढ़ का खतरा बरकरार है। नदी पर तटबंध अब तक नहीं बना है। जबकि इसके लिए 13 साल से पहल चल रही है। मगर विभाग को तटबंध बनाने के लिए अब तक जमीन नहीं मिली है। जिससे तटबंध बनने का काम कागज तक सिमटा है। इससे हजारों की आबादी पर बाढ़ का खतरा मंडराने की आशंका बनी है।

रामगंगा नदी किनारे शहर की पॉश कालोनियों और घनी आबादी वाले मोहल्लों में बरसात होने पर बाढ़ का खतरा रहेगा। लाख प्रयास के बाद भी 13 वर्ष में स्थिति नौ दिन चले अढ़ाई कोस वाली है। सिंचाई विभाग के बाढ़ खंड को तटबंध के लिए जमीन तक नहीं मिली है। ऐसे में बरसात में जलस्तर बढ़ने पर नदी किनारे बसी कॉलोनियों में बाढ़ का पानी घरों में भी घुस सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार जून के अंत तक मानसून सक्रिय हो सकता है। ऐसे में अधिक बारिश होने पर रामगंगा में जल स्तर बढ़ने पर आसपास के क्षेत्र में बाढ़ आती है। इस बार भी नदी के किनारे की पॉश कॉलोनियों चट्टापुल से लेकर रामगंगा विहार होते हुए कटघर तक का क्षेत्र खतरे के दायरे में है। 2010 में आई बाढ़ की विभीषिका आज भी लोगों को डराती है। तब रामगंगा नदी में बाढ़ आने पर कांठ रोड पर किले तक पानी आ गया था। तबसे प्रशासन ने शहर में बाढ़ के खतरे को देखते हुए तटबंध बनाने की कार्ययोजना बनाई। लेकिन जमीन न मिलने से अभी तक यह कार्य कागज पर ही सिमटा है।

अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग बाढ़ खंड अजय प्रताप सिंह का कहना है कि कालागढ़ और तुमड़िया डैम में 2010 में पानी अधिक होने से रामगंगा नदी में छोड़ा गया था। तटबंध के लिए मुरादाबाद विकास प्रधिकरण से जमीन आज तक नहीं मिल पाई है। बाढ़ खंड ने तटबंध के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट बनाकर भेजा था। भविष्य में कभी नदियों का जलस्तर बढ़ने पर चट्टापुल से लेकर कटघर पुल तक रामगंगा नदी किनारे बसे लोगों पर जानमाल का खतरा बना है।

बताया कि इसके अलावा जनपद में दो तटबंध बलिया बल्लभगढ़ (सुरजननगर ठाकुरद्वारा ) 1.5 किलोमीटर और काजीपुरा डिलारी 2.88 किलोमीटर के क्षेत्र में बाढ़ खंड ने रेनकट पर पिछले वर्ष से लेकर अब तक मरम्मत करा दी है। काजीपुरा में पहले बाढ़ से लंबे क्षेत्र में रेनकट हुआ था। उसके लिए तटबंध से चार मीटर आगे बाढ़ का पानी रोकने को लेकर पौने तीन किलोमीटर में परक्यूपाइन स्टड लगाया गया। हालांकि इस समय नदी तटबंध से मात्र बीस मीटर दूरी पर बह रही है। बाढ़ की संभावना को देखते हुए 15 जून से कंट्रोल रूम सक्रिय हो जाएगा।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : एसपी साहब! यहां तो पुलिसकर्मी ही लगा रहे जाम

संबंधित समाचार