पीलीभीत: पति ने दूसरी महिला संग फोटो किया अपलोड, लिखा- अब होगी दूसरी शादी

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

पीलीभीत, अमृत विचार। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। पति ने मोबाइल स्टेटस पर एक महिला संग फोटो लगाकर दूसरी शादी करने की बात लिखी। अब पति विदेश भागने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने मामले में पति समेत आठ पर रिपोर्ट दर्ज की है।

ग्राम उडरा की जसप्रीत कौर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी निरवैल सिंह से पांच फरवरी 2021 को हुई थी। ससुराल पक्ष को सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था। मगर ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए और आए दिन कम दहेज का ताना मारकर परेशान करने लगे।

कार की मांग को लेकर मारपीट शुरू कर दी। गर्भावस्था में भी पीटा गया। असहनीय पीड़ा होने पर मायके वालों ने उत्तराखंड के सितारगंज में अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने चेकअप के बाद बताया कि मारपीट से नस फट गई है।

प्रेशसन कर ट्यूब निकाली गई और बमुश्किल जान बची। जब उत्पीड़न के बारे में मायके वालों को बताया तो पति बचने के लिए कुछ समय को गायब हो गया। बाद में दोबारा परेशान किया जाने लगा। भाई ने गृहस्थी बचाने को डेढ़ लाख रुपये और दे दिए। 

14 अक्टूबर 2022 को मारपीट कर ससुरालियों ने घर से निकाल दिया। पति अपने मोबाइल स्टेटस पर एक लड़की के साथ फोटो लगाकर लिखने लगा कि वह अब दूसरा विवाह करेगा। अब पति विदेश भागने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने मामले में पति निरवैल सिंह,  पलविंदर सिंह, शिंदर सिंह, सिमर कौर, रमनदीप कौर, चरनजीत कौर, अमनदीप कौर, सर्वजीत कौर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की है।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: पार्क के बाहर खड़े युवक पर अचानक बरसाए लाठी डंडे, वारदात CCTV में कैद

संबंधित समाचार