हल्द्वानी: पुलिस ने किया चालान, ऑटो चालक हड़ताल पर गए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सरगम सिनेमा के सामने चार से अधिक ऑटो मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने की कार्रवाई, चालकों ने जमकर काटा हंगामा

एचएन इंटर कॉलेज के बाहर अस्थाई स्टैंड पर खड़े कर दिए ऑटो कार्रवाई से नाराज चालक स्टैंड पुराने स्थान पर शिफ्ट करने की मांग पर अड़े

हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार को सरगम सिनेमा पर संख्या से अधिक ऑटो मिलने पर पुलिस ने चालान कर दिए। पुलिस की इस कार्रवाई की जैसे ही चर्चा हुई तो ऑटो चालक भड़क गए।

पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते ऑटो चालक सड़क पर उतर आए और ऑटो संचालन ठप कर दिया। रामपुर रोड पर एचएन इंटर कॉलेज के बाहर बनाए गए अस्थाई स्टैंड पर सभी ऑटो खड़े कर दिए गए। चालकों ने मांग रख दी कि स्टैंड को पुराने स्थान पर ही शिफ्ट किया जाए। इन सबके बीच सवारियों की जमकर फजीहत हुई। लोग बच्चों को गोद में और सामान को सिर पर ढोते नजर आए।

 रामपुर रोड में सरगम सिनेमा से बेलबाबा तक ऑटो संचालन होता है। पुलिस प्रशासन ने यातायात को सुगम बनाने के लिए सरगम सिनेमा से ऑटो स्टैंड को एचएन इंटर कॉलेज के सामने अस्थाई तौर पर शिफ्ट किया है। साथ ही सवारी भरने के लिए चार ऑटो को ही सरगम सिनेमा के पास नंबर से भेजने की व्यवस्था बनाई है।

बताया जाता है कि सोमवार को चार ऑटो सरगम सिनेमा के पास से सवारी भर रहे थे तभी कुछ ऑटो चालक सवारी छोड़ने स्टैंड पर पहुंच गए। इस बीच वहां मौजूद यातायात पुलिस ने ऑटो के 500 रुपये के चालान काट दिये। पुलिस के चालान काटने की भनक जैसे ही अन्य ऑटो चालकों को लगी तो उनमें रोष फैल गया। उन्होंने अस्थाई स्टैंड पर जमा होकर पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की और ऑटो संचालन ठप कर दिया।

चालकों का कहना था कि पुलिस बेवजह उनका उत्पीड़न कर रही है। जबकि चालक नियमों का पालन करते हुए ही वाहन चला रहे हैं। इस उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऑटो स्टैंड पुरानी जगह शिफ्ट करने की मांग की। कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगा, तब तक ऑटो संचालन ठप रहेगा।

इधर, ऑटो चालकों की हड़ताल के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजार आने वाले लोगों को अस्थाई स्टैंड से पैदल बाजार आना पड़ा। वहीं, बाजार से खरीदारी कर लौटने वालों को पैदल ही सुशीला तिवारी तक जाना पड़ा। हड़ताल से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को खासी दिक्कत हुई।

 
आमने-सामने आए संचालक, जबरन उतारी सवारियां

एक ओर ऑटो चालक हड़ताल कर रहे थे। दूसरी तरफ एचएन इंटर कॉलेज में रिक्शा यूनियन का कार्यक्रम चल रहा था। दोनों ही यूनियन के लोग सड़क पर आमने-सामने आ गए और बाजार से सवारी भरकर आ रहे ऑटो और ई-रिक्शा से जबरन सवारियां उतारने लगे। जिस कारण लोगों को पैदल की सफर करना पड़ा। 

पुलिस प्रशासन ऑटो चालकों का अनावश्यक उत्पीड़न कर रहा है। जबकि ऑटो चालक नियम से वाहन चलाते हैं। पुलिस के इस रवैये से जनता को परेशानी हो रही है। जब तक समस्या का हल नहीं होगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
- डॉ. केदार पलड़िया, केंद्रीय अध्यक्ष
तिपहिया ऑटो चालक मालिक वैलफेयर सोसायटी

 

संबंधित समाचार