मुरादाबाद: हाथों में मेहंदी सजाए दुल्हन करती रही साजन का इंतजार, बारात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा...जानिए फिर क्या हुआ?

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना कुन्दरकी इलाके के जलालपुर गांव में एक गरीब मरहूम किसान की बेटी का शादी का पंडाल सजा था और लाल जोड़े में दुल्हन हाथों में मेहंदी सजाए साजन का इंतजार कर रही थी। लेकिन, उसके अरमान उस वक्त चकनाचूर हो गए, जब दिनभर के इंतजार के बाद दूल्हा बरात लेकर नहीं पहुंचा। बाद में पता चला कि बारात नहीं आएगी। यह जानकारी लगते ही शादी की खुशियां गम में बदल गईं। युवती की बारात न आने की चर्चा पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। दुल्हन को इसका ऐसा सदमा लगा कि उसने आत्महत्या की कोशिश की। इसके बाद लड़की पक्ष ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस  लड़की पक्ष को थाने ले गई।

जानकारी के मुताबिक, जलालपुर के रहने वाले मरहूम गरीब किसान अनवार हुसैन की बेटी का विवाह कुंदरकी के बांकीपुर निवासी वाहिद हुसैन के बेटे उवैश से तय हुआ था। रविवार को बारात आनी थी। दुल्हन के भाई ने बताया कि उसकी बहन का प्रेम प्रसंग चल रहा है, जिसके तहत शादी तय हुई थी। घर मे शादी की तैयारियां चल रही थीं। हम सब परिवार वाले शादी में आए मेहमानों को खाना खिला रहे थे लेकिन काफी समय बीतने के बाद बारात नहीं आई।

बताया कि दूल्हा पक्ष के लोगों ने शादी में जो मांगा हमने उससे भी बढ़कर दिया। दहेज के समान के साथ साथ दहेज में डेढ़ लाख कैश भी दे रहे थे। लेक़िन रविवार दिनभर बरात का इंतजार किया जाता रहा। खाने-पीने की व्यवस्था पूरी थी। काफी समय बीत गया, लेकिन बरात नहीं आई। जब कारण जानने की कोशिश की तो लड़के और उसके परिवार के सभी के फोन बंद आ रहे थे। जब दुल्हन को बारात न आने की सूचना मिली तो दुल्हन हैरान रह गई और सपने अधूरे रह गए। बरात न आने से दुल्हन हाथ में मेहंदी लगाए ही बैठी रही। वहीं दुल्हन ने खुद 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुल्हन के घर पहुंचकर जानकारी जुटाई और दुल्हन के परिवार को अपने साथ थाने ले आई। 

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : थानों से मिली निराशा, आवेदकों को अब एसएसपी से आशा

 

संबंधित समाचार