हल्द्वानी: बारिश-धूप का खेल जारी, तीन सड़कें बंद
हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम का मिजाज बुधवार को भी बदला रहा। सुबह रिमझिम बारिश के बाद दोपहर में तेज धूप खिलने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। वहीं, बारिश के कारण जनपद में एक राज्यमार्ग समेत दो ग्रामीण सड़कें मलबा आने से बंद हैं।
मंगलवार देर रात शुरू हुई बारिश बुधवार तड़के तक रुक-रुककर होती रही। सुबह से ही आसमान काले बादलों से घिरा रहा। करीब 10 बजे बारिश शुरू हुई और दो घंटे तक जारी रही। बारिश रुकने के बाद मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया। लेकिन दोपहर डेढ़ बजे बादल हटने से तेज धूप खिल उठी। लोगों गर्मी और उमस से परेशान नजर आए।
इधर, आपदा कंट्रोल रूम के मुताबिक नैनीताल-किलवरी राज्यमार्ग तथा रातीघाट-बुधलाकोट व मल्यूटी मोटर ग्रामीण मार्ग में मलबा गिरने से आवागमन बंद हो गया है। संबंधित विभाग जेसीबी की मदद से ग्रामीण मार्गों को खोलने में जुटे हैं।
