अमरोहा: दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की गई जान, घर का इकलौता चिराग बुझने से परिवार में कोहराम
हसनपुर(अमरोहा), अमृत विचार। बुधवार शाम दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा हसनपुर-गजरौला मार्ग पर हुआ। घर का इकलौता चिराग बुझने से परिवार में कोहराम मचा है।
नगर के मोहल्ला महल निवासी अमरीश अग्रवाल के परिवार में पत्नी कल्पना, दो बेटी प्रज्ञा व अनुभव के अलावा बेटा प्रतीश (24) अग्रवाल था। प्रतीश नगर ही एक सीमेंट की फर्म में मार्केटिंग एजेंट का कार्य था। बुधवार शाम वह किसी कार्य से गजरौला गया था। लौटते समय कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने प्रतीश की बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में प्रतीश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रहगीरों की मदद से घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे तभी उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजने की तैयारी की तो परिवार के लोगों ने इंकार कर दिया। थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार की उपचार को ले जाते समय मौत हुई है। अगर मृतक के परिजन तहरीर देते हैं कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: तिगरी में गंगा का जलस्तर बढ़ा, घाट व पुरोहितों की झोपड़ियां जलमग्न
