रुद्रपुर: परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में लागू रहेगी धारा-144 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लोक सेवा आयोग की वीडीओ व वीपीडीओ परीक्षा कल

 जिले में 66 केंद्रों पर 25471 अभ्यर्थी होंगे शामिल 

रुद्रपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 9 जुलाई को आयोजित ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) व ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीपीडीओ) परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्र व्यवस्थापकों और पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की।

इस दौरान उन्होंने परीक्षा को इलेक्शन मोड की तर्ज पर सम्पन्न कराने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा को नकलविहीन व पारदर्शिता से संपन्न कराया जा सके। वहीं, जनपद में 66 परीक्षा केंद्रों पर 25471 अभ्यर्थी स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा देंगे।

शुक्रवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि 9 जुलाई को सुबह 11 बजे से 1 बजे तक परीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा पारदर्शी तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न हो। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा दिवस पर परीक्षा केन्द्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा-144 लागू रहेगी।

आयोग द्वारा निर्धारित समय के अनुरूप ही अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश होना चाहिए। निर्धारित समय के बाद कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र में आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए ही पेपर खोले जाएं।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ किसी भी कर्मचारी के पास मोबाइल न हो। परीक्षा केंद्रों के आसपास कोई फोटो स्टेट की दुकान खुली न रहें। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी देने वाले अधिकारी व कर्मचारी अपने साथ आईडी कार्ड जरूर लायें।

परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि परीक्षा संपन्न कराने के लिए लगे कार्मिकों की सूची पुलिस विभाग को अवश्य उपलब्ध कराई जाये। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, आयोग के प्रतिनिधि बृजलाल बहुगुणा, रवि मनराल आदि उपस्थित थे।


पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए 

अपर जिलाधिकारी एवं नोडल अधिकारी जय भारत सिंह ने बताया कि जनपद में भर्ती परीक्षा में 25471 अभ्यर्थियों परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए जनपद में 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। किच्छा में 9, खटीमा में 11, रुद्रपुर में 19, काशीपुर में 22 और गदरपुर में 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि तहसीलदार काशीपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, खटीमा को अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। जनपद में 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि 9 सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि 66 केंद्र व्यवस्थापक और 66 पर्यवेक्षकों की तैनाती करने के साथ ही 16 पर्यवेक्षक रिजर्व रखे गए हैं।

 

संबंधित समाचार