दवाई खाने से हुई गर्भवती की मौत ! भाई बोला...प्रताड़ना से तंग होकर की आत्महत्या
हरदोई, अमृत विचार। गर्भपात की दवाई खाने के बाद गर्भवती की हालत बिगड़ गई। जिसके चलते उसे एक निजी हास्पिटल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। वहीं इस मामले में भाई का आरोप है कि ससुराल वालों की प्रताड़ना हो कर उसकी बहन ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और दी गई तहरीर पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
बताया गया है कि माधौगंज थाने की कुरसठ पुलिस चौकी के कुरसठ बुज़ुर्ग देहात के मजरा देबिनपुरवा निवासी योगेन्द्र की पत्नी किरन देवी का शव शुक्रवार को घर के अन्दर पड़ा हुआ देखा गया। इसका पता होते ही वहां पहुंचे सीओ बिलग्राम सतेन्द्र सिंह, एसएचओ ध्रुव कुमार और चौकी इंचार्ज आदित्य कुमार मौर्या ने छानबीन करते हुए वहां के लोगों से पूछताछ की। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इसका पता होते ही किरन देवी का भाई पंकज कुमार निवासी ब्राह्मण पुरवा मजरा बहनेता कोतवाली देहात ज़िला सीतापुर ने पुलिस को तहरीर देते हुए कहा है कि उसकी बहन को प्रताड़ित किया गया, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। उसका कहना था कि जब वह बहन की ससुराल पहुंचा तो घर के अंदर उसका शव चारपाई पर पड़ा हुआ था।
उधर किरन के ससुराल वालों का कहना है कि किरन दो बेटियां सौम्या और तान्या है। उसके बाद वह गर्भवती हो गई और गर्भपात कराने की ज़िद करने लगी, जबकि उसे इसके लिए मना किया गया। फिर भी उसने गर्भपात वाली दवाई खा ली। बताते हैं कि दवाई खाते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे कछौना के एक निजी हास्पिटल ले जाया गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस इस मामले में किरन के पति और ससुराल वालों से पूछताछ कर रही है।इस बारे में सीओ बिलग्राम सत्येन्द्र सिंह का कहना कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाई का दावा,गले पर थे निशान
सीतापुर ज़िलेे के ब्राह्मण पुरवा मजरा बहनेता देहात कोतवाली के पंकज कुमार का कहना है कि उसे शुक्रवार की सुबह उसके बहनोई योगेंद्र ने फोन पर बताया कि उसकी बहन ने दवा खा ली। जिससे तबियत खराब होने पर उसे हास्पिटल ले जा रहे। उसके बाद 11 बजे बताया कि किरन की मौत हो गई। पंकज ने पूरे दावे से कहा कि उसकी बहन के गले में निशान पड़े हुए थे। किरन की मौत की खबर सुनते ही मां रामदेवी का हाल बे-हाल है।
ये भी पढ़ें -कहने को तो हरदोई मेडिकल कॉलेज, लेकिन व्यवस्था सीएचसी से भी बद्तर, टार्च की रोशनी में हो रहा मरीज का इलाज
