रुद्रपुरः जगतपुरा में धर्मशाला निर्माण को लेकर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने, जमकर हुई गहमागहमी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। जगतपुरा वार्ड स्थित खाली पड़े भूखंड पर धर्मशाला निर्माण को लेकर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तकरार हो गई। इस दौरान दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए भूखंड को हड़पने का आरोप लगाया। काफी देर चली गहमागहमी व बहसबाजी के बाद मामला शांत हुआ और एक-दूसरे का विरोध करने की चेतावनी देकर चले गए।

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर: दो दिन राहत, उमस भरी गर्मी से फिर आफत

बताते चलें कि जगतपुरा वार्ड में खाली भूखंड पड़ा हुआ है। निगम में धर्मशाला निर्माण कराएं जाने का प्रस्ताव पारित है। विगत दिनों निगम ने धर्मशाला निर्माण के लिए 14.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बाद शनिवार की सुबह निगम का ठेकेदार निर्माण करने मौके पर आया तो अचानक भाजपा नेता राधेश शर्मा और कांग्रेस नेता सुमेरी लाल-भूपेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और निर्माण को लेकर बहसबाजी करने लगे। 

सूचना मिलते ही कांग्रेसी पार्षद मोहन खेड़ा भी मौके पर आ गए और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में बहसबाजी के साथ तकरार शुरू होने लगी। भाजपा नेता राधेश का आरोप था कि जिस वक्त कांग्रेस नेता की पत्नी सभासद थी। उसी दौरान वार्ड की भूमि की खरीद फरोख्त कर दी गई थी। वर्तमान में धर्मशाला की भूमि पर कांग्रेस नेता कब्जा करने की फिराक में हैं। वहीं, पार्षद मोहन खेड़ा का आरोप था कि भाजपा नेता का भतीजा वार्ड का पार्षद है और भूमि पर कब्जा करने की फिराक में है। ऐसे में वार्ड के लोगों के लिए प्रस्तावित धर्मशाला का निर्माण होना चाहिए। 

आरोप लगाया कि मेयर के इशारे पर भाजपा के लोग कांग्रेस नेताओं को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। मगर किसी ने भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की तो कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध करेंगे। काफी देर चली गहमागहमी के बाद कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन करने के बाद चले गए। तब जाकर मामला शांत हुआ।

यह भी पढ़ें- रुद्रपुरः कैंची मामले में दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट, आरोपियों पर लगाया हमला करने का आरोप

संबंधित समाचार