रुद्रपुर: पर्दानशी महिला ने बुजुर्ग पर हथौड़ी से किया हमला
आलमारी खोलकर चोरी का किया प्रयास, पुलिस जांच में जुटी
रुद्रपुर, अमृत विचार। आवास विकास चौकी क्षेत्र में एक मुंह ढकी अज्ञात महिला घर में घुसी और अलमारी खोलकर चोरी का प्रयास करने लगी। जब बुजुर्ग महिला ने उसे रोका तो उसने हथौड़ी से जानलेवा हमला करना शुरू कर दिया, जिससे बुजुर्ग महिला चोटिल हो गई। चीख पुकार होने पर आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आवास विकास ईडब्लूएस ए-351 निवासी दीपक भाटिया ने बताया कि 11 जुलाई सुबह आठ बजे उसकी मां पूनम भाटिया और पांच साल का बेटा अविराज भाटिया घर पर अकेले थे। अचानक मुंह ढकी एक अज्ञात महिला घर में घुसी और आते ही बिना अनुमति के अलमारी खोलकर चोरी का प्रयास करने लगी। जब अलमारी खुलने की आहट हुई तो मां बाहर निकली और उसे उसकी पहचान बताने की बात कही।
बुजुर्ग महिला को देखते ही आरोपी पर्दानुमा मुंह ढकी महिला ने हाथापाई करनी शुरू कर दी और साथ लाई हथौड़ी से बुजुर्ग महिला पर प्राणघातक प्रहार शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर अज्ञात महिला मौके से फरार हो गई। सूचना मिलने के बाद वह अपनी मां को अस्पताल ले गया और उपचार करवाया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी नीमा बोहरा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। महिला कोई अज्ञात थी या फिर पारिवारिक विवाद से जुड़ी हुई थी। पुलिस दोनों ही दिशा में अपनी जांच कर रही है और जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
