हल्द्वानी: भारी मात्रा में सिल्ट आने से खोलने पड़े बैराज के गेट
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला का जलस्तर गुरूवार को 3200 क्यूसेक तक पहुंचा। गुरुवार को सुबह से ही तेज बारिश शुरू हो गई। इससे गौला का स्तर एक बार फिर बढ़ा। गौला बैराज के इंचार्ज मनोज तिवारी ने बताया कि गुरुवार को तेज बारिश हुई और जलस्तर बढ़ने के साथ ही सिल्ट और बड़े पत्थर आने लगे। इस कारण बैराज के दो गेट खोलने पड़े।
उन्होंने बताया कि सिल्ट और बड़े पत्थर आने के कारण 10 से 12 बजे तक बैराज के गेट खोलने पड़े। 12 बजे बाद दोनों गेटों को बंद किया गया। वहीं बुधवार को भी सफाई करने के लिए एक घंटे के लिए बैराज के गेट खोले गए थे। बीते बुधवार को बैराज का अधिकतम जलस्तर 2168 क्यूसेक रहा था।
9:45 से 3:30 बजे तक रही जलापूर्ति ठप
शीशमहल फिल्टर इंचार्ज सहायक अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि गुरुवार को सुबह 9:45 बजे से शाम 3:30 तक फिल्टर प्लांट से पानी की आपूर्ति बंद की गई। इस दौरान टैंकरों से पानी की आपूर्ति की गई। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रविशंकर लौशाली ने बताया कि शहर में बीते दिनों खराब हुए सभी ट्यूबवेल को ठीक कर लिया गया है। काठगोदाम जल निगम स्थित ट्यूबवेल, डहरिया और चांदनी चौक घुड़दौड़ा के ट्यूबवेल को ठीक कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को समस्याग्रस्त क्षेत्रों में 24 टैंकरों से पानी की आपूर्ति की गई।
