Nainital News: मेट्रोपोल क्षेत्र में बिजली-पानी के कनेक्शन काटने पर हंगामा, बैरंग लौटी टीम
नैनीताल, अमृत विचार। मेट्रोपोल क्षेत्र में शत्रु संपत्ति पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को बिजली और पानी के कनेक्शन काटने पहुंची टीम को विरोध के चलते वापस लौटना पड़ा। लेकिन जल्द ही दोनों विभाग बिजली व पानी के कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू कर देगी।
प्रशासन इस मामले में कोई ढील देने के मूड में नहीं दिखाई दे रहा है। प्रशासन ने बिजली व पानी के कनेक्शन काटने के निर्देश दे दिए हैं, तो पुलिस भी लगातार क्षेत्रवासियों को जगह खाली करने को कह रही है। जिला प्रशासन ने अब मेट्रोपोल क्षेत्र में मुनादी व निगरानी के लिए पांच सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति भी कर दी है।
ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रियंक पांडे ने बताया कि शनिवार को क्षेत्र में जाकर कनेक्शनों की गणना की गई है। साथ ही लोगों को बिजली के कनेक्शन काटने की पूर्व सूचना दे दी गई है। जल्द ही बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। जल संस्थान के सहायक अभियंता दीलिप सिंह बिष्ट ने कहा कि टीम ने पानी के कनेक्शन काटने शुरू ही किए थे कि लोगों ने हंगामा कर दिया। अब प्रशासन व पुलिस की मौजूदगी में पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे।
बता दें कि क्षेत्र में रह रहे कुछ लोगों ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। जिसे दोनों न्यायालयों ने सुनवाई के बाद निस्तारित कर दिया गया है। जल्द ही प्रशासन बरसात कम होते ही शत्रु संपत्ति पर हुए अतिक्रमण को मुक्त कराने जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Nainital News: नगर पालिका की अरबों की संपत्ति की लीज कई वर्षों पूर्व हुई समाप्त
